सैयारा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Saiyaara Box Office Collection: अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर फिल्म ‘सैयारा’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक थ्रिलर न सिर्फ दर्शकों का दिल जीत रही है, बल्कि रिकॉर्डतोड़ कमाई के चलते हर दिन सुर्खियों में बनी हुई है।
फिल्म ने अपने आठवें दिन ही वह कारनामा कर दिखाया है, जिसे अक्षय कुमार की बहुचर्चित फिल्म ‘हाउसफुल 5’ को करने में पूरे 5 हफ्ते का वक्त लग गया था। जी हां, ‘सैयारा’ अब साल 2025 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है।
दूसरी सबसे बड़ी हिट फिल्म बनी सैयारा
बता दें कि अक्षय की ‘हाउसफुल 5’ ने अपने लाइफटाइम में 183.3 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था, जबकि ‘सैयारा’ ने महज 8 दिनों में ही इसे पीछे छोड़ दिया। फिल्म का आठवें दिन का आंकड़ा सैकनिल्क के मुताबिक 10 बजे तक का है, जिसमें बदलाव संभव है, लेकिन इतना तय है कि अब यह फिल्म विक्की कौशल की ‘छावा’ के बाद इस साल की दूसरी सबसे बड़ी हिट बन चुकी है।
पहले हफ्ते में ‘सैयारा’ ने 175.25 करोड़ रुपये की मजबूत कमाई की थी। इसके अलावा, फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी कमाल किया है। यशराज फिल्म्स के ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की गई रिपोर्ट के अनुसार, ‘सैयारा’ ने सिर्फ 7 दिनों में 256 करोड़ रुपये का ग्लोबल कलेक्शन कर लिया है।
ये भी पढ़ें-Saiyaara ने थिएटर में मचाया बवाल, जल्द बना सकती है नया रिकॉर्ड!
महज 60 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लागत से चार गुना ज्यादा कमाई कर ली है, जिससे यह ऑफिशियली ब्लॉकबस्टर घोषित हो चुकी है।
इन फिल्मों पछाड़ चुकी है अहान पांडे की फिल्म
इतना ही नहीं, इसने ‘सितारे ज़मीन पर’ (166 करोड़) और ‘रेड 2’ (173.05 करोड़) जैसी हिट फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। दर्शकों को फिल्म की लव स्टोरी, म्यूजिक और एक्टिंग का परफेक्ट मिक्स पसंद आ रहा है, जो इसके सुपरहिट होने की बड़ी वजह बन गई है।
फिलहाल अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘सैयारा’ विक्की कौशल की ‘छावा’ का 601.54 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड भी तोड़ पाएगी या नहीं। फिलहाल तो फिल्म का क्रेज ऐसा है कि इसके आगे हर बड़ी फिल्म फीकी पड़ती नजर आ रही है।