Ritesh Pandey: सावन के पावन महीने की शुरुआत से पहले ही भोजपुरी इंडस्ट्री में शिवभक्ति का माहौल बन चुका है। हर साल की तरह इस बार भी कई सितारे महादेव को समर्पित भक्ति गीतों के साथ फैंस के सामने आ रहे हैं। इस लिस्ट में अब भोजपुरी सुपरस्टार रितेश पांडे का नाम भी शामिल हो गया है। उनका नया गाना ‘बाबा हो डमरू वाले’ आज यानी 10 जुलाई 2025 को यूट्यूब पर रिलीज किया जा चुका है और शिवभक्तों के दिलों को छू रहा है।
गाने को खास सावन के मौके पर रिलीज किया गया है, जो 11 जुलाई से शुरू हो रहा है। ‘बाबा हो डमरू वाले’ में रितेश पांडे पूरे भक्ति भाव में नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्हें शिवलिंग पर भस्म लगाते और ध्यानमग्न होकर पूजा करते दिखाया गया है। इस दृश्य को देखकर हर दर्शक की आंखों में भक्ति उतर आती है।
‘बाबा हो डमरू वाले’ पर फैंस लुटा रहे हैं प्यार
इस भक्ति गीत में रितेश के साथ एक्ट्रेस गौरी सुब्बा नजर आ रही हैं। गाने का पोस्टर पहले ही 9 जुलाई को रितेश पांडे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था, जिसमें दोनों कलाकार शिवलिंग के सामने पूजा करते दिखे। तभी से फैंस को इस गाने का बेसब्री से इंतजार था।
गाना डीआरएस म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। इसे खुद रितेश पांडे ने गाया है, जबकि बोल रमन बिहारी और नवनीत पांडे ने लिखे हैं। म्यूजिक कंपोजिशन की जिम्मेदारी प्रत्यूष विभव गोली ने निभाई है और वीडियो को डायरेक्ट किया है आशीष सत्यार्थी ने। गाने को डी सिंह ने प्रोड्यूस किया है।
रिलीज से पहले ही इस गाने ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी थी और अब इसके वीडियो को यूट्यूब पर जबरदस्त व्यूज मिल रहे हैं।
रितेश पांड ने इस गाने से भी जीता था लोगों का दिल
रितेश पांडे सावन के मौके पर हर साल भक्ति गीतों से फैंस का दिल जीतते हैं और इस बार भी उन्होंने अपनी सुरीली आवाज और दमदार परफॉर्मेंस से ‘बाबा हो डमरू वाले’ को भक्ति का एक और खूबसूरत तोहफा बना दिया है।
इससे पहले रितेश पांडे का एक और भक्ति गीत ‘सब रउरे बा ऐ सरकार’ 4 दिन पहले अन्नपूर्णा फिल्म्स के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ था। इस गाने में रितेश के साथ मुस्कान नजर आई थीं और गाने को लिखा था अखिलेश कश्यप ने। उस गाने को भी महादेव को समर्पित किया गया था।