दिलजीत दोसांझ,मीका सिंह (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
मुंबई: पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की मोस्ट अवेटेड ‘सरदार जी 3’ रिलीज से पहले ही विवादों में फंस गई है। जहां ओवरसीज में यह फिल्म इसी महीने के अंत तक रिलीज हो रही है, वहीं भारत में इसे लेकर भारी विरोध शुरू हो गया है। फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की मौजूदगी ने नई बहस को जन्म दे दिया है।
दरअसल, FWICE ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से आग्रह किया है कि फिल्म को भारत में रिलीज की अनुमति न दी जाए। FWICE का मानना है कि ऐसे समय में जब भारत और पाकिस्तान के रिश्ते तनावपूर्ण हैं, पाकिस्तानी कलाकारों को भारतीय प्रोजेक्ट्स में शामिल करना गैर-जिम्मेदाराना फैसला है।
दिलजीत दोसांझ पर मीका सिंह ने जाहिर की नाराजगी
हाल ही में इस मुद्दे पर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के दो बड़े नामों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की है। पहले बी-प्राक ने अपनी नाखुशी सोशल मीडिया पर जताई, और अब मीका सिंह ने दिलजीत दोसांझ पर कड़ा प्रहार किया है। मीका ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर करते हुए दिलजीत को ‘फेक सिंगर’ और ‘गैरजिम्मेदार’ कह डाला।
मीका का कहना है कि, “जब दोनों देशों के संबंध इतने नाजुक हैं, ऐसे समय में किसी भी पाकिस्तानी कलाकार को अपनी फिल्म में लेना बेहद गैरजिम्मेदारी है। देश की गरिमा और फैंस की भावनाओं को नजरअंदाज करना किसी भी कलाकार को शोभा नहीं देता।”
उन्होंने आगे कहा, “हमने पहले भी फवाद खान और वाणी कपूर की एक फिल्म का विरोध किया था, लेकिन लगता है कुछ लोगों को अब भी सबक नहीं मिला। सबसे दुखद बात यह है कि वह (दिलजीत) इंडिया में शोज कर, लोगों से हजारों टिकट बिकवाकर अब चुपचाप निकल गए। फैंस के साथ यह धोखा है।”
एक्टर को गद्दार बता रहे हैं लोग
दिलजीत की फिल्म ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर रिलीज होते ही भारत में यूट्यूब पर बैन कर दिया गया है। फैंस न केवल दिलजीत को सोशल मीडिया पर ट्रोल कर रहे हैं बल्कि कुछ उन्हें गद्दार तक कहने लगे हैं।
बता दें, फिल्म में दिलजीत के साथ नीरू बाजवा भी नजर आएंगी, और यह 27 जून को रिलीज होने जा रही है। लेकिन फिल्म का भविष्य अब विवादों की आग में झुलसता नजर आ रहा है।