सुरक्षा बलों और नक्सल के बीच मुठभेड़ (सौजन्य-एक्स)
6 August Top News of Jharkhand: झारखंड में सुरक्षा बलों ने 15 लाख रुपये का इनामी पीएलएफआई कमांडर को मार गिराया। यहां पढ़ें राज्य की दिन भर की सभी बड़ी खबरें।
PLFI कमांडर मार्टिन केरकेट्टा ढेर, झारखंड सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी
झारखंड के गुमला जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। 15 लाख रुपये का इनामी पीएलएफआई का शीर्ष कमांडर मार्टिन केरकेट्टा भीषण मुठभेड़ में मारा गया। मार्टिन के खिलाफ 50 से ज़्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, अपहरण, फिरौती, पुलिस और सीआरपीएफ कैंपों पर हमले, रेलवे और सड़क परियोजनाओं में विस्फोट जैसी घटनाएं शामिल थीं।
IED Bomb: खरसावां में सुरक्षा बलों ने 44 IED बम किए नष्ट
IED Bomb: खरसावां, सचिंद्र कुमार दाश- सरायकेला-खरसावां जिले के दलभंगा ओपी (कुचाई थाना) के सीमावर्ती पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान चलाकर पुलिस और सुरक्षा बलों ने 44 IED बम बरामद किए हैं। पुलिस ने खुफिया सूचना पर अभियान चलाया और कुचाई थाना क्षेत्र के दलभंगा ओपी क्षेत्र के सीमावर्ती पहाड़ी इलाके में छिपे रखे विस्फोटक ढूंढ निकाले।
इस सूचना पर सरायकेला-खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान, नीले रंग के प्लास्टिक के कंटेनर में 44 आईईडी बम बरामद किए। कंटेनर के अंदर 1.5 किलोग्राम के 15 आईईडी बम, एक किलोग्राम वजन के 15 आईईडी बम और 500 ग्राम वजन के 14 आईईडी बम पाए गए, जिसे वहीं पर नष्ट कर दिया गया।
Rahul Gandhi: चाईबासा कोर्ट में पेश हुए राहुल गांधी
चाईबासा कोर्ट ने आज झारखंड के एक मानहानि मामले में राहुल गांधी को बड़ी राहत दी। राहुल गांधी आज चाईबासा के एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए, जहां कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। सुबह करीब 10 बजे हेलीकॉप्टर से टाटा कॉलेज मैदान में राहुल गांधी उतरे। उन्होंने चाईबासा परिसदन में 45 मिनट इंतजार किया और बाद में वहां से चाईबासा सिविल कोर्ट पहुंचे।
इस दौरान, वह एमपी एमएलए कोर्ट में न्यायाधीश सुप्रिया रानी तिग्गा के समक्ष कोर्ट में पेश हुए थे। दरअसपल, चाईबासा के भाजपा नेता प्रताप कुमार कटियार ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ 2018 में चाईबासा में आयोजित एक रैली में भाजपा नेताओं के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक बयान देने के मामले में मानहानि का मुकदमा दायर किया था।
Jharkhand Crime: साहिबगंज में ट्रिपल मर्डर
झारखंड में एक बड़ी सड़क हादसा की घटना सामने आई। झारखंड के साहिबगंज में 2 पड़ोसियों के बीच हुए ज़मीन विवाद में एक व्यक्ति ने तीन लोगों की हत्या कर दी। मारे गए तीनों लोग एक ही परिवार के थे। आरोपी ने थाने में अपना जुर्म कबूल कर आत्मसमर्पण कर दिया। ये पूरा मामला साहिबगंज के तालझारी थाना क्षेत्र का है।
यहां के दूधकोल गांव में ज़मीन के विवाद में युवक ने तीनों लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को ज़मीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसियों की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी व्यक्ति 35 साल का है। आरोपी ने पड़ोस में रहने वाले तीन बुजुर्गों की पीट-पीटकर हत्या कर दी है।
झारखंड में 3 महीने तक रद्द रहेंगी दर्जनों ट्रेनें
झारखंड के चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला कांसबहाल के बीच अप और डाउन लाइन में टीआरटी मशीन कार्य के लिए 11 अक्टूबर से 16 दिसंबर 2025 तक मेगा ब्लॉक किया जाएगा, इसके कारण हावड़ा मुंबई मुख्य रेल मार्ग सहित झारसुगुड़ा संबलपुर रेल मार्ग पर चलने वाली कई ट्रेनें कई दिनों के लिए रद्द की जाएंगी।
डाउन लाइन कांसबहाल राउरकेला के बीच प्रत्येक शनिवार को साढ़े पांच घंटे के लिए मतलब 11, 18 और 25 अक्टूबर, 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर तथा 6 और 13 दिसंबर को मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। वहीं, राउरकेला कांसबहाल के बीच हर मंगलवार को यानि 14, 21 और 28 अक्टूबर, 4, 11, 18 और 25 नवंबर तथा 2, 9 और 16 दिसंबर को साढ़े पांच घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें – पंचतत्व में विलीन हुए शिबू सोरेन, निमरा में अंतिम विदाई देने राहुल गांधी समेत उमड़ा जन सैलाब
इन तारीखों के बीच इस रूट पर चलने वाली राउरकेला झारसुगुड़ा राउरकेला मेमू आरा दुर्ग आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस, टाटा इतवारी टाटा एक्सप्रेस, राउरकेला पुरी राउरकेला एक्सप्रेस, हटिया झारसुगुड़ा हटिया एक्सप्रेस, दुर्ग आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस और राउरकेला जगदलपुर राउरकेला एक्सप्रेस रद्द रहेंगी।
Jharkhand Weather: झारखंड में मानसून होगा सक्रिय
Jharkhand Weather: झारखंड में पिछले दो दिनों से मानसून कमजोर है, लेकिन अब यह बुधवार से सक्रिय हो सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बांग्लादेश के उत्तरी भाग और आसपास के इलाकों के ऊपरी वायुमंडल में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। इसके चलते अगले 4 दिनों तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की पूरी संभावना है।
आगामी 7 और 9 अगस्त को कोल्हान और संथाल के सभी जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार से गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, जामताड़ा, बोकारो और धनबाद में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।