शेफाली जरीवाला (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Shefali Jariwala Death Reason: 2000 के दशक में कांटा लगा गाने से तहलका मचाने वालीं मशहूर मॉडल और एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का आकस्मिक निधन हो गया। शुक्रवार 27 जून की रात मुंबई के बेलेव्यू अस्पताल में उन्हें मृत घोषित किया गया, जिसके बाद से ही उनकी मौत को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब तीन दिन बाद पुलिस और फोरेंसिक जांच के जरिए उनकी मौत की वजह सामने आई है।
फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट आई सामने
पुलिस सूत्रों की मानें तो शेफाली की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। शुरुआत में कहा गया था कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था, लेकिन अब अंबोली पुलिस स्टेशन की रिपोर्ट से पता चला है कि यह मामला अचानक हुए ब्लड प्रेशर लो (BP Low) का हो सकता है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और डॉक्टर्स ने भी बीपी गिरने की आशंका जताई है।
घटनास्थल से पुलिस को स्किन ग्लो और एंटी-एजिंग टैबलेट्स से भरे डिब्बे भी मिले हैं, जिनमें ग्लूटाथियोन और विटामिन सप्लीमेंट्स मौजूद थे। हालांकि, जांच में किसी भी तरह की साजिश या गड़बड़ी के सबूत नहीं मिले हैं। पराग त्यागी समेत परिवार के सभी सदस्यों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और किसी ने भी कोई आपत्ति नहीं जताई है।
शेफाली ने अपनी आखिरी रात को रखा था व्रत
जानकारी के मुताबिक, शेफाली ने अपनी आखिरी रात सत्यनारायण व्रत रखा था और पूजा में उनके माता-पिता भी शामिल हुए थे। पराग त्यागी ने पुलिस को बताया कि पूजा के बाद शेफाली ने फ्रिज से कुछ खाना खाया, जिसके बाद वह अचानक बेहोश हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी सांसे थम चुकी थीं।
शेफाली की मौत की खबर से वरुण धवन, प्रियंका चोपड़ा, मीका सिंह समेत पूरी फिल्म इंडस्ट्री स्तब्ध है। सोशल मीडिया पर उनके चाहने वालों और साथ काम कर चुके लोगों ने दुख जताया है। भले ही शेफाली अब हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनके चर्चित गाने और यादगार पलों के जरिए वह हमेशा याद की जाएंगी।