सौरव गांगुली, राजकुमार राव फिल्म (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
मुंबई: बॉलीवुड के दमदार अभिनेता राजकुमार राव एक बार फिर सुर्खियों में हैं, और इस बार वजह भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित चेहरों में से एक सौरव गांगुली की बायोपिक है। काफी समय से इस प्रोजेक्ट को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब खुद राजकुमार राव ने इस खबर पर मुहर लगा दी है।
दरअसल, हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में राजकुमार राव ने पहली बार इस मोस्ट अवेटेड फिल्म को लेकर चुप्पी तोड़ी और पुष्टि की कि वह दादा यानी सौरव गांगुली की बायोपिक में लीड रोल निभाने जा रहे हैं। एक्टर ने कहा, “जब दादा खुद इस बारे में बात कर चुके हैं, तो अब मैं भी इसे ऑफिशियल कर देता हूं। हां, मैं इस बायोपिक का हिस्सा हूं।”
सौरव गांगुली बन पर्दे पर छाएंगे राजकुमार राव
राजकुमार ने यह भी माना कि इस भूमिका को निभाना उनके लिए आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा, “मैं थोड़ा नर्वस हूं, क्योंकि यह एक बड़ी जिम्मेदारी है। लेकिन मैं इस चुनौती को लेकर काफी उत्साहित भी हूं। यह सफर बहुत मजेदार होने वाला है।”
सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक माने जाते हैं। उन्होंने भारतीय टीम को नए आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ खेलने की राह दिखाई थी। उनके जीवन में उतार-चढ़ाव, विवाद और शानदार उपलब्धियों की भरमार है, जो एक फिल्म को दिलचस्प और प्रेरणादायक बना सकती है।
इस प्रोजेक्ट को लेकर सौरव गांगुली भी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने हाल ही में राजकुमार राव की तारीफ करते हुए कहा था, “मुझे लगता है कि राजकुमार मेरी भूमिका निभाने के लिए बिल्कुल सही अभिनेता हैं। वह बेहतरीन परफॉर्मर हैं और मैं उन्हें हर तरह की मदद देने को तैयार हूं।” साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म जनवरी 2026 में फ्लोर पर जाएगी और उसी साल दिसंबर तक रिलीज होने की संभावना है।
एक्टर कई बायोपिक में आ चुके हैं नजर
आपको बता दें, इससे पहले राजकुमार राव ने कई बायोपिक में अपने शानदार अभिनय से फैंस का दिल जीता है, जिनमें से ‘शाहिद’ और ‘ओमेर्टा’ जैसी फिल्में शामिल हैं। अब जब वह सौरव गांगुली जैसे क्रिकेट आइकन का किरदार निभाने जा रहे हैं, तो दर्शकों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं। फिलहाल, फैंस इस नए किरदार में राजकुमार राव को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।