पवन सिंह (सोर्स- सोशल मीडिया)
Pawan Singh: महाराष्ट्र में मराठी और हिंदी भाषा को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। हाल ही में मराठी न बोलने वाले कुछ लोगों की महाराष्ट्र में पिटाई भी की गई, जिससे माहौल और भी ज्यादा तनावपूर्ण हो गया है। इस मुद्दे पर कई सेलेब्रिटीज ने अपनी राय रखी है। अब भोजपुरी सुपरस्टार और गायक पवन सिंह ने भी इस विवाद पर अपनी बेबाक राय दी है।
पवन सिंह ने मराठी बोलने से किया इनकार
पवन सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें मराठी नहीं आती और वे मराठी नहीं बोलेंगे। उन्होंने कहा, “मैं बंगाल में पैदा हुआ हूं, लेकिन मुझे बंगाली भाषा नहीं आती। वैसे ही, मुझे मराठी भी नहीं आती और मैं इसे नहीं बोल सकता। मैं हिंदी बोलने का अधिकार रखता हूं। मैं महाराष्ट्र में रहता हूं, इसका मतलब यह नहीं कि मुझे मराठी बोलनी ही पड़े।”
क्या मुझे मार देंगे?
पवन सिंह ने आगे कहा, “मुझे गर्व है कि मैं हिंदी बोलता हूं। मैं मुंबई में काम करता हूं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि अपनी भाषा छोड़ दूं। लोग ज़्यादा से ज़्यादा क्या करेंगे? क्या मुझे मार देंगे? मैं मौत से नहीं डरता। मुझे मराठी नहीं आती और मैं मराठी नहीं बोलूंगा। चाहे मुझे जान से मार दो, पर मैं मराठी नहीं बोलूंगा। यह मेरी साफ सोच है।”
अनूप जलोटा ने दी संतुलित प्रतिक्रिया
इस मुद्दे पर भजन सम्राट अनूप जलोटा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें मराठी भाषा बहुत पसंद है और वे मराठी में गाने भी गाते हैं। अनूप जलोटा ने कहा, “हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है और हर जगह बोली जानी चाहिए। हमें जितनी ज्यादा भाषाएं सीखें, उतना अच्छा है, लेकिन अपनी मातृभाषा हिंदी को भी सम्मान देना चाहिए।” उन्होंने सभी को अधिक भाषाएं सीखने और बोलने की सलाह दी।
भोजपुरी इंडस्ट्री में बड़ा नाम हैं पवन सिंह
पवन सिंह की बात करें तो वे भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार माने जाते हैं। उनकी फिल्मों और गानों की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। पवन सिंह के गाने सोशल मीडिया पर अक्सर ट्रेंड करते हैं और पलभर में वायरल हो जाते हैं।
हाल ही में पवन सिंह ने बॉलीवुड फिल्म स्त्री 2 में भी एक गाना गाया था। इस गाने के बोल थे, “कटी रात मुझे हिदायत में तू आई नहीं”, जिसमें अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने डांस किया था। यह गाना काफी हिट हुआ और दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया।