इंग्लैंड पर भड़के सुनिल गावस्कर (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: इंग्लैंड और भारत के बीच तीसरे टेस्ट मैच का आयोजन ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में हो रहा है। मैच से पहले इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। उन्होंने पहली पारी में 387 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने भी शानदार खेल दिखाते हुए 387 रन बनाकर स्कोर की बराबरी कर ली। लेकिन, तीसरे दिन का खेल खत्म के समय पर अंग्रेजों की ऐसी बेईमानी देखने मिली, जिस पर भारत के पूर्व दिग्गज सुनिल गावस्कर भी भड़क गए।
जडेजा और पंत ने इंग्लिश गेंदबाजों को किया परेशान
तीसरे दिन भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। पंत को आउट करने के लिए इंग्लैंड ने खास रणनीति बनाई और लेग साइड पर 7 से 8 फील्डर खड़े कर दिए। इंग्लैंड पंत को शॉर्ट बॉल पर फंसाना चाहता था, लेकिन उनकी योजना सफल नहीं हो सकी।
गावस्कर ने इंग्लैंड की रणनीति पर जताई नाराज़गी
इंग्लैंड की इस फील्ड सेटिंग पर पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज कमेंटेटर सुनील गावस्कर भड़क गए। कमेंट्री करते हुए गावस्कर ने कहा कि लेग साइड पर एक समय में 6 से ज्यादा फील्डर नहीं होने चाहिए। उन्होंने इसे क्रिकेट की भावना और नियमों के खिलाफ बताया। साथ ही, उन्होंने आईसीसी से अपील की कि खेल की परिस्थितियों में बदलाव कर ऐसी सेटिंग पर रोक लगानी चाहिए। गावस्कर की इस टिप्पणी से क्रिकेट जगत में नई बहस छिड़ गई है।
क्रॉली ने किया समय बर्बाद, टीम इंडिया ने जताया विरोध
तीसरे दिन का आखिरी ओवर और भी ज्यादा रोमांचक बन गया, जब इंग्लिश बल्लेबाज जैक क्रॉली ने जानबूझकर समय बर्बाद करने की कोशिश की। जसप्रीत बुमराह इस ओवर को फेंक रहे थे। क्रॉली ने कई बार बहाने बनाकर खेल को रोका, ताकि भारत को अतिरिक्त ओवर न मिल सके। इस हरकत पर कप्तान शुभमन गिल और पूरी टीम इंडिया ने कड़ा विरोध जताया। मैदान पर उस समय माहौल काफी गर्म हो गया और दर्शकों में भी उत्साह चरम पर पहुँच गया।