भोलेनाथ (सोर्स- सोशल मीडिया)
Sawan 2025: सावन का पवित्र महीना शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। हिंदू धर्म में यह महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। पूरे सावन माह में शिव भक्त विशेष श्रद्धा और भक्ति भाव से शिवलिंग पर जल, बेलपत्र, दूध और भांग आदि अर्पित करते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस महीने में भगवान शंकर की पूजा करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है और सभी मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं।
हालांकि, पूजा-पाठ के दौरान आपकी वेशभूषा का भी विशेष महत्व होता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस दौरान कौन-से रंग के कपड़े पहनने चाहिए और किन रंगों से बचना चाहिए, इसका पालन करना बेहद जरूरी है। मान्यता है कि सही रंग के कपड़े पहनकर पूजा करने से भक्त को अधिक सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है और भगवान की विशेष कृपा भी बरसती है।
सावन में इन रंगों के कपड़े पहनना न करें
काला रंग
ज्योतिषाचार्य रवि शुक्ला के अनुसार, काला रंग अशुभता का प्रतीक माना जाता है। किसी भी धार्मिक आयोजन में काले कपड़े पहनने से बचने की सलाह दी जाती है। खासकर सावन के महीने में शिव पूजा करते समय भूलकर भी काले कपड़े नहीं पहनने चाहिए। यह रंग नकारात्मक ऊर्जा का कारक माना जाता है और इसे पहनकर पूजा करने से पूजा का फल कम हो सकता है।
भूरा रंग
भूरे रंग के कपड़े भी पूजा-पाठ के लिए उपयुक्त नहीं माने जाते। सावन के दौरान शिवलिंग पर जल अर्पित करते समय या किसी भी धार्मिक अनुष्ठान में भूरे रंग से दूर रहना चाहिए। यह रंग भी अशुभ माना जाता है और इसका सीधा प्रभाव पूजा की सफलता पर पड़ सकता है।
खाकी रंग
खाकी रंग भी उन रंगों में आता है जिन्हें सावन में नहीं पहनना चाहिए। मान्यता है कि इस रंग के कपड़े पहनने से शिव पूजा का संपूर्ण लाभ नहीं मिल पाता और भक्त की मनोकामनाएँ अधूरी रह सकती हैं।
सावन में इन रंगों के कपड़े पहनना है शुभ
हरा रंग
सावन के महीने में हरे रंग के कपड़े पहनना बेहद शुभ माना जाता है। यह रंग हरियाली, नई ऊर्जा और जीवन का प्रतीक है। विशेषकर सुहागिन महिलाएँ इस महीने हरी साड़ी और हरी चूड़ियाँ पहनती हैं, जिससे परिवार में सुख-शांति बनी रहती है और भगवान शिव प्रसन्न होते हैं।
गुलाबी और सफेद रंग
हल्का गुलाबी और सफेद रंग भी सावन में शुभ माना जाता है। पूजा के दौरान इन रंगों के कपड़े पहनने से मानसिक शांति मिलती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसके अलावा नारंगी, लाल और पीला रंग भी शुभ रंगों में गिने जाते हैं। इन रंगों को पहनकर शिव भक्त भगवान शंकर की पूजा करते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।