सीएम नीतीश कुमार, फोटो - सोशल मीडिया
Bihar Elections 2025: बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता को एक बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत दी जाने वाली राशि में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को हर महीने 1100 रुपये की पेंशन मिलेगी, जो पहले मात्र 400 रुपये थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर दी। उन्होंने लिखा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अब 400 रुपये की जगह 1100 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। यह नई दर जुलाई महीने से लागू होगी और हर महीने की 10 तारीख को राशि लाभार्थियों के खाते में भेजी जाएगी।”
सीएम नीतीश के इस फैसले से इतने लोगों को मिलेगा लाभ
इस फैसले से राज्य के करीब 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार से ज्यादा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह कदम न सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए राहत लेकर आएगा, बल्कि चुनावी माहौल में एनडीए की रणनीति का अहम हिस्सा भी माना जा रहा है।
नीतीश कुमार ने बुजुर्गों के प्रति अपने भाव प्रकट करते हुए लिखा, “वृद्धजन हमारे समाज की पूंजी हैं। उनका सम्मान और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। हम लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।”
जनता को लुभाने की कोशिश जारी
बिहार की राजनीति में इस समय चुनावी गर्मी तेज हो गई है। एक ओर विपक्षी दल, खासकर आरजेडी, जनता को लुभाने के लिए वादों की झड़ी लगा रहे हैं, वहीं सत्ता में काबिज एनडीए सरकार भी पीछे नहीं है। हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी ने सीवान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उसी मंच से नीतीश कुमार ने भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और आरजेडी पर पलटवार किया।
पेंशन में यह ऐतिहासिक बढ़ोतरी न केवल एक लोक-लुभावन कदम है, बल्कि यह राज्य के कमजोर तबके के लिए सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक बड़ी पहल मानी जा रही है। चुनावी हवा भले ही तेज हो, लेकिन इस फैसले से लाखों लोगों के चेहरों पर उम्मीद की मुस्कान जरूर आई है।