श्वेता मेनन (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Shwetha Menon: 51 वर्षीय अभिनेत्री श्वेता मेनन, जिन्होंने शाहरुख खान, सलमान खान, अजय देवगन और आमिर खान जैसे सुपरस्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर की है, एक नए विवाद में फंसती नजर आ रही हैं। मलयालम और हिंदी सिनेमा में काम कर चुकी इस एक्ट्रेस के खिलाफ हाल ही में एक शिकायत दर्ज करवाई गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, श्वेता पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगा है। आरोप है कि उन्होंने आर्थिक लाभ के लिए कुछ आपत्तिजनक फिल्मों और एड में काम किया। यह शिकायत कोच्चि में एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है।
कानूनी पचड़े में फंसीं मलयालम एक्ट्रेस श्वेता मेनन
मलयालम मीडिया के अनुसार, यह शिकायत सामाजिक कार्यकर्ता मार्टिन मेनाचेरी ने दर्ज करवाई, जिसके बाद कोर्ट ने पुलिस को आवश्यक एक्शन लेने के निर्देश दिए। इस केस में श्वेता मेनन के खिलाफ Prevention of Obscenity Act और IT Act के तहत कार्रवाई की जा रही है।
FIR में खासतौर पर उनकी फिल्मों ‘थिनिरवेदम’, ‘पलेरी माणिक्यम: ओरु पथिरकोलापथकथिंते कथा’ और ‘कालीमन्नू’ का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा, एक कंडोम विज्ञापन में अभिनय को भी इस केस का हिस्सा बताया गया है।
ये भी पढ़ें- Eisha Singh का खून से लथपथ वीडियो देख घबराए फैंस, एक्ट्रेस ने खुद किया सच का खुलासा
इन फिल्मों से शुरू किया था करियर
श्वेता मेनन ने अपने करियर की शुरुआत बॉलीवुड फिल्म ‘पृथ्वी’ (1997) से की थी, जिसमें शिल्पा शेट्टी और सुनील शेट्टी जैसे सितारे थे। वह सलमान खान की फिल्म बंधन, करिश्मा कपूर की शिकारी, शाहरुख की अशोका और मिथुन की खतरों के खिलाड़ी जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।
हालांकि, उन्हें असली पहचान फिल्म इश्क के फेमस गाने ‘हमको तुमसे प्यार है’ में फीचर होकर मिली थी। श्वेता ने ‘मकबूल’, ‘हंगामा’, ‘रन’ जैसी कई फिल्मों में काम किया है। इस मामले ने फिर से उनके करियर और पब्लिक इमेज को सुर्खियों में ला दिया है।