सैयारा (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Saiyaara Box Office Collection: अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ ने रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रखा है। म्यूजिकल लव स्टोरी के तौर पर मोहित सूरी द्वारा निर्देशित यह फिल्म ना सिर्फ दर्शकों को पसंद आ रही है, बल्कि कमाई के मामले में भी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है।
दरअसल, फिल्म ने पहले दिन 21.5 करोड़ रुपये की धमाकेदार ओपनिंग ली थी और केवल चार दिनों में ही100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था। पहले हफ्ते के अंत तक फिल्म ने 172.75 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी, वहीं अब दूसरे हफ्ते में आते ही फिल्म ने अपनी पकड़ और भी मजबूत कर ली है।
11वें दिन, यानी रिलीज के दूसरे सोमवार को फिल्म की कमाई भले ही थोड़ी घटी हो, लेकिन अब भी शानदार रही। सैयारा ने अपने 11वें दिन 6.68 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जो इस बात का संकेत है कि फिल्म को अब भी दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 253.93 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
वहीं अगर बात करें वर्ल्डवाइड कलेक्शन की तो, ‘सैयारा’ ने अब तक 372.71 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ नेस आंकड़े के साथ ही यह फिल्म साल 2025 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन चुकी है। फिलहाल इस लिस्ट में पहले स्थान पर विक्की कौशल की ‘छावा’ है, जिसने 797.34 रुपये करोड़ का वर्ल्डवाइड बिजनेस किया है।
‘सैयारा’ की इस सफलता का श्रेय न सिर्फ इसकी खूबसूरत कहानी और संगीत को जाता है, बल्कि नए कलाकार अहान पांडे और अनीत पड्डा की फ्रेश केमिस्ट्री और स्क्रीन प्रेजेंस को भी मिला है। युवा दर्शकों में इन दोनों की जोड़ी खासा लोकप्रिय हो चुकी है।
डायरेक्टर मोहित सूरी के लिए भी यह फिल्म एक शानदार वापसी साबित हुई है। रोमांटिक फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले सूरी ने एक बार फिर यह साबित किया है कि वह इमोशंस और म्यूजिक का बेहतरीन मेल परोसने में माहिर हैं।