डीआईजी सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा (सौजन्य-सोशल मीडिया)
28 July Top News of Jharkhand: झारखंड में अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां पढ़ें झारखंड की दिन भर की सभी बड़ी खबरें।
Jharkhand News: झारखंड में एसएसपी ने 9 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
झारखंड के रांची में DIG सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के अलग-अलग थानों में कार्यरत 9 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इन 9 पुलिसकर्मियों पर काम में लापरवाही बरतने का आरोप था। रांची पुलिस ने बताया कि डीआईजी सह एसएसपी द्वारा आयोजित क्राइम मीटिंग में रांची में लंबित कांडों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन किसी ने खास रूचि नहीं ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए काम में लापरवाही बरतने वाले 9 सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया और 2 के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के भी आदेश दिए गए हैं। इनमें डोरंडा थाना के संतोष कुमार रजक, सुखदेव नगर थाना के सूर्यवंशी उरांव, जगन्नाथपुर थाना के श्याम बिहारी रजक, खरसीदाग ओपी के नीतीश कुमार, लालपुर थाना के अजय कुमार दास, जगन्नाथपुर थाना के राजकुमार टाना भगत और अरविंद कुमार त्रिपाठी, बुढ़मू थाना के उमाशंकर सिंह, सदर थाना के अशोकनाथ सिंह को निलंबित किया गया है।
सावन का तीसरा सोमवार, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन के महीने का आज तीसरा सोमवार था। इसके चलते राज्य के सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने मिली। झारखंड के देवघर में पवित्र सावन माह के तीसरे सोमवार को श्री बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
#WATCH | Deoghar, Jharkhand | A large number of devotees visit and offer prayers at Shree Baba Baidyanath Jyotirlinga Temple on the third Monday of the holy month of Sawan. pic.twitter.com/Us4WSAzuR8
— ANI (@ANI) July 28, 2025
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री को धमकी देने वाला गिरफ्तार
झारखंड के रक्षा राज्य मंत्री और भाजपा सांसद संजय सेठ को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को झारखंड के धनबाद जिले से गिरफ्तार किया गया है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने इसकी पुष्टि की है। रांची पुलिस ने धनबाद के हरिहरपुर निवासी नित्यानंद पाल को गिरफ्तार किया है। धमकी देने का कारण जानने के लिए पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
IMD Alert: झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने झारखंड में अगले 48 घंटों तक भारी बारिश की संभावना की चेतावनी जारी की है। इस बीच आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। भारतीय मौसम विभाग ने 29 और 30 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने चेतावनी जारी की है और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने रांची के साथ-साथ राज्य के 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों के लिए 30 जुलाई को येलो अलर्ट है, उनमें रांची, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, रामगढ़, हज़ारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, गोड्डा और पाकुड़ शामिल हैं।
यह भी पढ़ें – IMD Alert: झारखंड में अगले 24 घंटों में होगी तूफानी बारिश, यहां पढ़ें दिन भर की बड़ी खबरें
लेट पहुंचने पर टीचर ने दी सजा, ICU में भर्ती छात्राएं
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में एक टीचर ने स्कूल में देर से पहुंचने पर 4 छात्राओं को ऐसी सजा दी कि अब छात्राएं ICU में भर्ती हो गई है। स्कूल की एक टीचर ने स्कूल लेट आने के कारण 4 छात्राओं को 200 उठक-बैठक करने की सजा दी। इन छात्राओं के परिजनों का आरोप है कि 200 उठक-बैठक करने के बाद चारों छात्राएं बेहोश हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्राओं की हालत देखते ही देखते बिगड़ने लगी तो डॉक्टरों ने उन्हें ICU में शिफ्ट करना पड़ा। इस घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
4 महीने से 82 हजार बुजुर्गों को नहीं मिली पेंशन
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना में केंद्र का हिस्सा न मिलने के कारण बुजुर्गों को पिछले 4 महीनों से पेंशन नहीं मिल रही है। धनबाद में 83 हज़ार बुज़ुर्ग पिछले 4 महीनों से अपनी पेंशन का इंतज़ार कर रहे हैं। पेंशन न मिलने से बुजुर्गों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्ग अपना इलाज तक नहीं करवा पा रहे हैं।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत बुज़ुर्गों को हर महीने 1000 रुपये मिलते हैं। इसमें दिव्यांग पेंशन और विधवा पेंशन भी शामिल है। 1000 रुपये की पेंशन में केंद्र सरकार 200 रुपये और राज्य सरकार 800 रुपये देती है। लेकिन अभी बुजुर्गों को ये भी नसीब नहीं हो रही है।