अक्षरा सिंह, विक्रांत सिंह (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Rudra Shakti Song: सावन का पवित्र महीना 11 जुलाई से शुरू हो चुका है और इस मौके पर भगवान शिव के भक्त पूरी श्रद्धा और भक्ति में डूबे नजर आ रहे हैं। ऐसे शुभ अवसर पर भोजपुरी सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रुद्र-शक्ति’ का दूसरा गाना ‘शिव की है धुनकी’ रिलीज कर दिया गया है। यह गाना पूरी तरह शिव भक्ति से ओत-प्रोत है और फिल्म के लीड स्टार्स अक्षरा सिंह और विक्रांत सिंह राजपूत इसमें अघोरियों के साथ नजर आ रहे हैं।
इस गाने को ओम झा और खुशबू तिवारी केटी ने अपनी आवाज दी है। इसके बोल और म्यूजिक कंपोजिशन भी खुद ओम झा ने तैयार किया है। गाने की झलक बिभूति एंटरटेनमेंट के इंस्टाग्राम पेज पर शेयर की गई, जिसमें लिखा कि “औघड़ों की टोली, शक्ति संग रुद्र की मदमस्त चाल..शिव की धुनकी पे थिरकी धरती, गूंजा त्रिलोक का हाल।”
यह कैप्शन ही इस गाने की पावर और डिवोशन को दर्शाता है। गाने को सारेगामा हम भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है और इसे दर्शकों से बेहतरीन रिस्पॉन्स मिल रहा है।
ट्रेलर पर फैंस ने लुटाया था प्यार
इससे पहले 7 जुलाई को फिल्म का पहला गाना ‘महाकाल हूं मैं’ रिलीज हुआ था, जिसे भी फैंस ने काफी पसंद किया। वहीं फिल्म का ट्रेलर जुलाई की शुरुआत में ही सामने आ चुका है, जिसने दर्शकों में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।
‘रुद्र-शक्ति’ फिल्म का निर्देशन निशांत सी शेखर ने किया है, जबकि इसका निर्माण सीबी सिंह और राजीव सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी मनमोहन तिवारी ने लिखी है, जो इस फिल्म में गेस्ट अपीयरेंस में भी नजर आएंगे। बिभूति एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह फिल्म महादेव के एक अनन्य भक्त रुद्र और शक्ति की आध्यात्मिक प्रेम गाथा को प्रस्तुत करती है।
इन शहरों में रिलीज होगी फिल्म
यह फिल्म 18 जुलाई को बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सावन के पावन महीने में शिवभक्तों के लिए यह फिल्म और इसका संगीत किसी भक्तिमय सौगात से कम नहीं है।