करुण नायर के विकेट पर बवाल (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनकी टीम ने पहली पारी में शानदार 387 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट खोकर 145 रन बना लिए हैं। हालांकि, इस मैच में करुण नायर एक बार फिर फ्लॉप रहे। लेकिन, उनका विकेट विवादों में आ गया है।
करुण नायर ने दिखाई संयम
टीम इंडिया के लिए करुण नायर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और उन्होंने शुरुआत में धैर्य से खेलते हुए पारी को संभालने की कोशिश की। करुण ने 62 गेंदों में 40 रन बनाए और कुछ आकर्षक शॉट्स भी लगाए। लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच सके और बेन स्टोक्स की एक गेंद पर गलती कर बैठे।
बेन स्टोक्स की चाल में फंसे करुण
स्टोक्स ने 21वें ओवर की दूसरी गेंद पर करुण को शॉट खेलने के लिए उकसाया। गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और सीधा स्लिप में खड़े जो रूट के पास चली गई। रूट ने हवा में डाइव लगाकर शानदार कैच पकड़ा। इस कैच को लेकर थोड़ी देर के लिए मैदान पर विवाद भी हुआ। रिप्ले में ऐसा लगा कि गेंद जमीन को छू रही थी, लेकिन तीसरे अंपायर ने इसे वैध करार दिया।
अंपायर के फैसले पर मचा बवाल
तीसरे अंपायर के फैसले के बाद करुण को पवेलियन लौटना पड़ा। सोशल मीडिया पर इस कैच का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ फैंस रूट की तारीफ कर रहे हैं तो कई लोग फैसले को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। उनका मानना है कि गेंद जमीन से लगकर कैच हुई थी, लेकिन अंपायर ने इसे आउट करार दिया।
रूट ने द्रविड़ को पछाड़ा
रूट का यह कैच उनके करियर के लिए भी ऐतिहासिक साबित हुआ। इस कैच के साथ ही जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले फील्डर बन गए हैं। उनके नाम अब 211 कैच हो चुके हैं। इससे पहले भारत के राहुल द्रविड़ 210 कैच के साथ शीर्ष पर थे। श्रीलंका के महेला जयवर्धने 205 कैच के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
तीसरे दिन भारत के बल्लेबाजों पर टिकी रहेंगी निगाहें
भारत की पहली पारी अभी भी जारी है और टीम को इंग्लैंड के बड़े स्कोर तक पहुंचने के लिए मजबूत बल्लेबाजी की जरूरत है। तीसरे दिन का खेल बेहद अहम रहेगा। फैंस को उम्मीद है कि भारतीय बल्लेबाज लंबी पारी खेलकर मैच में टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाएंगे।