जसप्रीत बुमराह (फोटो-सोशल मीडिया)
Jasprit Bumrah: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत बर्मिंघम में होने वाले दूसरे टेस्ट में हिस्सा नहीं लेंगे। एक रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई के सूत्रों ने बताया कि 31 वर्षीय बुमराह को इस टेस्ट से आराम दिया गया है।
बता दें कि बुमराह ने लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में पहली पारी में 24.4 ओवर और दूसरी पारी में 19 ओवर डाले थे। इस वजह से उनके शरीर पर काफी दबाव पड़ा है। टीम मैनेजमेंट अब बुमराह को सीधे 10 से 14 जुलाई के बीच लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट के लिए तैयार कर रहा है।
Jasprit Bumrah की जगह अर्शदीप को मौका
बुमराह की जगह युवा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मौका मिलने की संभावना है। अर्शदीप ने अभी तक भारत के लिए कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है, लेकिन उन्हें पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। वह 2024 में ICC टी20 क्रिकेटर भी रह चुके हैं।
इसके अलावा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी को शार्दुल ठाकुर की जगह मौका मिल सकता है। शार्दुल ने पहले टेस्ट में बल्ले से कोई खास योगदान नहीं दिया था और गेंदबाजी में भी पहली पारी में सिर्फ 6 ओवर डाले। हालांकि दूसरी पारी में उन्होंने दो गेंदों में दो विकेट लेकर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन वह चयनकर्ताओं को प्रभावित नहीं कर सके।
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने सोनी स्पोर्ट्स पर चर्चा के दौरान सुझाव दिया था कि बुमराह को पांचों टेस्ट खेलने चाहिए। लेकिन टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर ने इस सुझाव को खारिज करते हुए कहा कि बुमराह के वर्कलोड को मैनेज करना ज्यादा जरूरी है।
जसप्रीत बुमराह का वर्कलोड मैनेजमेंट जरूरी
गंभीर ने कहा कि हमारे लिए उनकी फिटनेस ज्यादा जरूरी है क्योंकि आगे भी बहुत सारा क्रिकेट होना है। हमें पता है कि वह टीम के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। इस दौरे पर आने से पहले ही तय कर लिया गया था कि वह तीन टेस्ट मैच खेलेंगे, लेकिन देखते हैं उनकी बॉडी आगे कैसा रिस्पॉन्ड करती है।
गौरतलब है कि बुमराह ने 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के सभी पांच टेस्ट खेले थे, लेकिन सिडनी में हुए आखिरी टेस्ट में पीठ की चोट के कारण वह तीन महीने तक मैदान से बाहर रहे थे। यही वजह है कि इस बार टीम मैनेजमेंट कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।