झारखंड के कई इलाकों में जोरदार बारिश
Flood Warning: झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलधार बारिश हो रही है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को झारखंड के 19 जिलों के लिए अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के ताजा बुलेटिन में बताया गया कि गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गढ़वा, पलामू, कोडरमा, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका और रांची जिलों में बुधवार शाम साढ़े पांच बजे तक अचानक बाढ़ आने की संभावना है।
Flood Warning: ऑरेंज अलर्ट: कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने विशेष रूप से गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, कोडरमा और हजारीबाग में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसका मतलब है कि इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे जलभराव, नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि और स्थानीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है। वहीं मौसम विभाग ने आगे बताया कि 16 जुलाई सुबह साढ़े आठ बजे से 17 जुलाई सुबह साढ़े आठ बजे तक पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में फिर से भारी वर्षा का खतरा रहेगा। इन जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा।
Flood Warning: येलो अलर्ट: रांची समेत 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने रांची समेत झारखंड के 10 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है, जिसका मतलब है कि इन इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, जिसके लिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
Flood Warning: झारखंड में क्यों हो रही इतनी बारिश?
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मध्य भाग में बने दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह तक यह झारखंड के ऊपर केंद्रित था और अगले 24 घंटों में इसके झारखंड और सटे दक्षिण बिहार होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि इस सिस्टम की वजह से झारखंड में 17 जुलाई तक व्यापक वर्षा जारी रहेगी। कुछ जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा भी हो सकती है।
ये भी पढ़ें: जमशेदपुर में बारिश बनी आफत, खतरे के निशान से ऊपर दो नदियां
Flood Warning: रात से हो रही लगातार बारिश, स्कूल बंद
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार रात से ही झारखंड के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। भारी बारिश के खतरे को देखते हुए पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम प्रशासन ने मंगलवार को सुरक्षा के तौर पर सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया।
इसके अलावा पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने लोगों को खासतौर से नदियों और नालों के पास न जाने की सलाह दी है। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और कुछ जगहों पर वे उफान पर हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
Flood Warning: बारिश के आंकड़े: सामान्य से 62% ज्यादा वर्षा
झारखंड में इस बार मानसून ने जोरदार दस्तक दी है। एक जून से 14 जुलाई तक राज्य में 62 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
इस दौरान खासकर राज्य के पूर्वी हिस्से में 527.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्यत: इस समय तक सिर्फ 326 मिलीमीटर बारिश होती है। यानी अब तक करीब 200 मिलीमीटर ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।
प्रशासन की तैयारियां और सलाह
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि
अनावश्यक घर से बाहर न निकलें।
नदियों व जलमग्न इलाकों में जाने से बचें।
अपने मोबाइल में अलर्ट चालू रखें और आपदा से जुड़ी कोई भी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
गांवों में रह रहे लोग ऊंचे स्थानों पर रहने की तैयारी रखें।
Flood Warning: अगले दो दिन बेहद अहम
मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले 48 घंटे झारखंड के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। भारी से बहुत भारी बारिश के चलते कई जगहों पर बिजली के खंभे गिरने, पेड़ उखड़ने और सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की भी आशंका है।