राहुल द्रविड़ (सोर्स- सोशल मीडिया)
Rahul Dravid: आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइज़ी को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। द्रविड़ को पिछले वर्ष राजस्थान रॉयल्स का कोच नियुक्त किया गया था, लेकिन उन्होंने केवल एक सीजन के बाद ही पद छोड़ने का फैसला किया। उनका यह निर्णय टीम प्रबंधन और फैंस दोनों के लिए चौंकाने वाला रहा है।
फ्रेंचाइज़ी ने जताया आभार
राहुल द्रविड़ की विदाई पर राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइज़ी ने आधिकारिक रूप से उनके योगदान के लिए आभार जताया। बयान में कहा गया, “राहुल कई वर्षों से रॉयल्स से जुड़े रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की एक पूरी पीढ़ी को प्रभावित किया है और टीम की संस्कृति में गहराई से सकारात्मक बदलाव किए हैं।” फ्रेंचाइज़ी ने बताया कि टीम की संरचनात्मक समीक्षा के तहत द्रविड़ को एक बड़ा प्रशासनिक पद ऑफर किया गया था, लेकिन उन्होंने विनम्रता से इसे अस्वीकार कर दिया।
खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहे राहुल
द्रविड़ न सिर्फ एक शानदार कोच रहे हैं, बल्कि उन्होंने टीम में अनुशासन, पेशेवर रवैया और नैतिकता की मिसाल भी कायम की। उनकी कोचिंग शैली ने युवा खिलाड़ियों को निखरने और जिम्मेदारी के साथ खेलने की दिशा में प्रेरित किया। यही वजह है कि उनके फैसले से टीम के कई खिलाड़ी भावुक हो गए हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें धन्यवाद कह रहे हैं।
भारतीय टीम में भी रहा है द्रविड़ का प्रभावशाली कार्यकाल
राहुल द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के रूप में भी शानदार कार्य किया है। उनकी कोचिंग में भारत ने एशिया कप 2023 जीता, वनडे वर्ल्ड कप 2023 में फाइनल तक का सफर तय किया और फिर टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब भी अपने नाम किया। ये सभी उपलब्धियां उनके कोचिंग कैरियर को गौरवपूर्ण बनाती हैं।
अब आगे क्या?
राहुल द्रविड़ की आगे की योजनाओं को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि वे कोचिंग से फिलहाल ब्रेक लेना चाहते हैं या फिर किसी नई भूमिका की तलाश में हैं। जो भी हो, उनका राजस्थान रॉयल्स और भारतीय क्रिकेट में योगदान हमेशा याद किया जाएगा।