कीरोन पोलार्ड (सोर्स- सोशल मीडिया)
Kieron Pollard: कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 में एक और ऐतिहासिक क्षण सामने आया जब कीरोन पोलार्ड ने बारबाडोस रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में शानदार उपलब्धि हासिल की। पोलार्ड ने इस मैच में नाबाद रहते हुए 9 गेंदों पर 19 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में 14,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज़ बनकर इतिहास रच दिया।
क्रिस गेल के क्लब में हुए शामिल
पोलार्ड अब क्रिस गेल के बाद टी20 क्रिकेट में 14,000 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। गेल ने अपने करियर में 463 मैचों में 14,562 रन बनाए थे। जबकि पोलार्ड ने यह मुकाम 712 मैचों में हासिल किया। पोलार्ड ने बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन के अलावा गेंदबाज़ी में भी कमाल किया है, और अब वह टी20 क्रिकेट में 14,000 रन और 300 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले ऑलराउंडर बन गए हैं।
अन्य बड़े नामों को छोड़ा पीछे
टी20 क्रिकेट में 13,000 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में एलेक्स हेल्स, डेविड वॉर्नर, और शोएब मलिक जैसे नाम शामिल हैं, लेकिन पोलार्ड अब इन सभी से आगे निकल चुके हैं। यदि उनका फॉर्म यूं ही बरकरार रहा तो आने वाले समय में वे क्रिस गेल को पीछे छोड़ते हुए टी20 क्रिकेट के सर्वाधिक रन स्कोरर भी बन सकते हैं। उन्हें गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए अब सिर्फ 563 रनों की जरूरत है।
पोलार्ड का T20 करियर
कीरोन पोलार्ड ने 2006 से 2025 तक अपने टी20 करियर में 19 अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने इस दौरान 1 शतक और 64 अर्धशतक लगाए हैं। उनके नाम 876 चौके और 942 छक्के दर्ज हैं, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रमाण हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है और अब तक 332 विकेट हासिल किए हैं।
Also Read This: Rahul Dravid ने अचानक क्यों छोड़ा राजस्थान रॉयल्स का साथ? कोचिंग पद से दिया इस्तीफा
वेस्टइंडीज और आईपीएल में भी दिखाया जलवा
पोलार्ड ने वेस्टइंडीज़ के लिए खेले गए 101 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,569 रन बनाए हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में खेले गए 189 मैचों में उन्होंने 342 रन बनाए थे और टीम के एक अहम सदस्य रहे हैं। भले ही उन्होंने 2022 में आईपीएल से संन्यास ले लिया हो, लेकिन CPL में उनका जलवा अब भी बरकरार है।