मोहम्मद सिराज (सोर्स- बीसीसीआई एक्स)
Mohammed Siraj: भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड की धरती पर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उन्होंने 2025 में भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई टेस्ट सीरीज़ में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज़ का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस सीरीज़ में सिराज ने कुल 23 विकेट लिए और जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली।
बुमराह की बराबरी
मोहम्मद सिराज ने इस सीरीज़ में 23 विकेट झटके, जिससे वह जसप्रीत बुमराह के रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुँच गए। बुमराह ने 2021-22 में इंग्लैंड दौरे पर 23 विकेट लिए थे। अब सिराज ने 2025 में उसी आंकड़े को छूकर खुद को भारत के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज़ों की सूची में शुमार कर लिया है। इस सूची में तीसरे नंबर पर भुवनेश्वर कुमार हैं, जिन्होंने 2014 की सीरीज़ में 19 विकेट लिए थे।
इंग्लैंड में एक सीरीज़ में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- जसप्रीत बुमराह – 23 विकेट (2021-22)
- मोहम्मद सिराज – 23 विकेट (2025)
- भुवनेश्वर कुमार – 19 विकेट (2014)
ओवल टेस्ट में सिराज का कहर
ओवल टेस्ट में सिराज पूरी तरह से छा गए। उन्होंने अकेले इस मैच में 9 विकेट अपने नाम किए, जिनमें दूसरी पारी में 5 विकेट शामिल थे। यह प्रदर्शन निर्णायक साबित हुआ और भारत ने इस ऐतिहासिक मुकाबले को 6 रनों से जीत लिया। यह भारत की टेस्ट इतिहास में सबसे करीबी जीत भी बनी।
पूरी सीरीज़ में सिराज रहे टॉप विकेट टेकर
2025 की भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ में सिराज सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे। इंग्लैंड के जोश टैंग 19 विकेट लेकर दूसरे नंबर पर रहे। उनके बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने 17 विकेट झटके। भारत के जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा ने भी शानदार प्रदर्शन किया, दोनों ने सीरीज़ में 14-14 विकेट लिए।
सीरीज़ में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़:
- मोहम्मद सिराज – 23 विकेट
- जोश टैंग – 19 विकेट
- बेन स्टोक्स – 17 विकेट
- जसप्रीत बुमराह – 14 विकेट
- प्रसिद्ध कृष्णा – 14 विकेट
सिराज ने किया खुद को साबित
सिराज ने इस सीरीज़ में न सिर्फ अपने कौशल से सभी को प्रभावित किया, बल्कि यह भी साबित किया कि वह विदेशों में भी भारत के लिए मैच विजेता बन सकते हैं। उनकी निरंतरता, गति और अनुशासन ने भारत को कई मौकों पर मैच में वापस लाया और अंततः सीरीज़ को 2-2 से बराबरी पर समाप्त कराने में अहम भूमिका निभाई।