सिराज और गिल (सोर्स- एक्स)
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने 6 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की, लेकिन मैच के अंतिम क्षणों में एक ऐसा मोड़ भी आया, जब तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज अपने कप्तान शुभमन गिल पर गुस्सा हो गए। मैदान पर दोनों के बीच संवाद को लेकर एक हल्का विवाद दिखा, जिसने बाद में मीडिया में भी चर्चा बटोरी।
शुभमन गिल से नाराज़ दिखे सिराज
मैच के आखिरी ओवरों में इंग्लैंड को जीत के लिए 11 रन और भारत को सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी। ऐसे में स्ट्राइक पर एटकिंसन थे और क्रिस वोक्स नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े थे, जो केवल एक हाथ से बल्लेबाज़ी कर सकते थे। टीम इंडिया की रणनीति थी कि वोक्स को स्ट्राइक दी जाए ताकि उन पर दबाव बनाया जा सके। लेकिन एटकिंसन ने रन दौड़ लिया और ध्रुव जुरेल रन आउट करने में चूक गए।
इसी पल पर मोहम्मद सिराज ने गुस्से में शुभमन गिल से कहा- “तुमने उसे बताया नहीं!” यह बात कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठे सवाल
मैच जीतने के बाद शुभमन गिल और मोहम्मद सिराज संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे। वहां एक पत्रकार ने सिराज से पूछा, “क्या शुभमन गिल आपकी बात मानते हैं? मैच में दो बार आपने कहा कि ‘आपने उन्हें बताया नहीं’।”
इस पर सिराज ने मुस्कराते हुए जवाब दिया, “हमारे बीच संवाद बहुत अच्छा है। हमारा रिश्ता पुराना है और हम कई सालों से एक साथ खेल रहे हैं। शुभमन गुजरात टाइटन्स के कप्तान हैं, इसलिए मुझे उनकी सोच का अंदाज़ा है। जब मैं बोलता हूँ, तो वह सुनते हैं।”
गिल ने दी सफाई, फिर दोनों हंस पड़े
गिल ने इस वाकये पर मुस्कुराते हुए कहा, “हां, उसने (सिराज ने) मुझे बताया था, लेकिन जब तक मैंने ध्रुव को कुछ कह पाता, तब तक वो दौड़ चुका था। सिराज ने बाद में मुझसे कहा कि तुमने उसे ग्लव्स उतारने को क्यों नहीं कहा। फिर हम दोनों हंसने लगे।”
बॉन्डिंग में कोई दरार नहीं
भले ही मैदान पर उस वक्त थोड़ा ग़ुस्सा दिखा हो, लेकिन गिल और सिराज के बीच की दोस्ती और समझ में कोई कमी नहीं है। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई और प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनकी केमिस्ट्री साफ़ झलकती रही।