भारत बनाम पाकिस्तान (सोर्स- एक्स)
IND vs PAK: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2025) का रोमांच अब सेमीफाइनल तक पहुंच चुका है, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बड़ा मुकाबला संकट में आ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल खेलने से इनकार कर दिया है। यह दूसरी बार है जब WCL में भारतीय क्रिकेटर्स ने पाक टीम के साथ खेलने से इनकार किया है। इससे पहले जब दोनों टीमों का मुकाबला तय था, तब भी भारतीय खिलाड़ियों के इनकार के चलते मैच को रद्द कर दिया गया था।
प्रायोजक कंपनी ने भी जताया विरोध, वापस ली स्पॉन्सरशिप
सेमीफाइनल मैच से पहले एक और बड़ा फैसला तब सामने आया जब टूर्नामेंट की प्रायोजक कंपनी ईज माई ट्रिप ने अपनी स्पॉन्सरशिप वापस ले ली। कंपनी के सह-संस्थापक नितिन शर्मा ने बयान में कहा कि “क्रिकेट और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते।” उनका यह बयान सीधे तौर पर पाकिस्तान के खिलाफ विरोध की भावना को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी भारतीय सैनिकों और आम नागरिकों के बलिदान को नहीं भूल सकती।
एशिया कप को लेकर भी BCCI पर उठ रहे सवाल
WCL 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच के रद्द होने की खबर ऐसे समय में आई है जब एशिया कप 2025 को लेकर भी बीसीसीआई आलोचनाओं का सामना कर रहा है। बीसीसीआई न केवल टूर्नामेंट को तटस्थ स्थान पर आयोजित करने को राज़ी हुआ, बल्कि पाकिस्तान के खिलाफ खेलने पर भी हामी भर चुका है। एशिया कप में भारत-पाक मुकाबला 14 सितंबर को होना तय है। इस पर सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक लगातार बहस हो रही है।
युवराज-हरभजन जैसे दिग्गज भी टीम में शामिल
WCL 2025 में भारत की ओर से कई दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें युवराज सिंह, हरभजन सिंह, इरफान पठान और यूसुफ पठान जैसे नाम शामिल हैं। टूर्नामेंट में भारत का सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। पाकिस्तान से पहला मुकाबला रद्द होने के बाद टीम इंडिया ने लगातार तीन मैच गंवा दिए थे और सिर्फ एक अंक के साथ संघर्ष कर रही थी। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी मुकाबले में जबरदस्त वापसी करते हुए भारतीय टीम ने 145 रनों का लक्ष्य मात्र 13.2 ओवर में हासिल कर सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया।
अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि आयोजक इस संकट को कैसे सुलझाते हैं और क्या भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल मैच किसी समझौते के बाद खेला जाएगा या एक बार फिर विवादों की भेंट चढ़ेगा।