बेन स्टोक्स (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का अंतिम और निर्णायक मुकाबला 31 जुलाई से लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेला जाएगा। लेकिन इस अहम मुकाबले से पहले इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान बेन स्टोक्स इस मैच से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने पुष्टि की है कि स्टोक्स दाहिने कंधे की चोट के चलते भारत के खिलाफ पांचवें टेस्ट में नहीं उतर पाएंगे।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने दी जानकारी
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “बेन स्टोक्स भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में नहीं खेलेंगे, क्योंकि उनके दाहिने कंधे में चोट है।”
इस घोषणा के साथ ही फैन्स के मन में उठ रहे तमाम सवालों पर विराम लग गया। कुछ लोग मान रहे थे कि शायद स्टोक्स पर किसी तरह का प्रतिबंध लगा हो या फिर बोर्ड ने कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की हो, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है।
ओली पोप को मिली कप्तानी, टीम में 4 बदलाव
बेन स्टोक्स की अनुपस्थिति में इंग्लैंड की कमान अब उप-कप्तान ओली पोप संभालेंगे। इंग्लैंड ने मुकाबले से 24 घंटे पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। सिर्फ स्टोक्स ही नहीं, टीम से जोफ्रा आर्चर, ब्रायडन कार्स और लियाम डॉसन को भी बाहर कर दिया गया है।
इन चार खिलाड़ियों की जगह इंग्लैंड ने जैकब बेथल, गस एटकिंसन, जेमी ओवरटन और जोश टंग को टीम में शामिल किया है। ये सभी खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बना पाए हैं।
भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला
इंग्लैंड फिलहाल पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है। ऐसे में भारत के लिए यह मुकाबला सीरीज ड्रॉ कराने के लिहाज से बेहद अहम है। अगर टीम इंडिया यह मैच जीत लेती है तो सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म होगी, लेकिन हार की स्थिति में इंग्लैंड सीरीज जीत जाएगा।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रुक, जैकब बेथल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवरटन और जोश टंग।