चंद्रकांत पंडित (सोर्स- सोशल मीडिया)
Chandrakant Pandit: आईपीएल 2025 का सीज़न कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए निराशाजनक साबित हुआ और इसका असर अब टीम मैनेजमेंट में भी दिखने लगा है। 2024 में टीम को चैंपियन बनाने वाले मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित ने कोलकाता फ्रेंचाइज़ी से अपना नाता तोड़ लिया है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के ज़रिए यह जानकारी साझा की और पंडित के योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद भी दिया।
केकेआर ने दी विदाई
केकेआर ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा, “चंद्रकांत पंडित ने नए अवसरों की तलाश करने का फैसला किया है। इस वजह से वह अब केकेआर के मुख्य कोच नहीं रहेंगे। हम उनके अतुलनीय योगदान के लिए हमेशा आभारी रहेंगे। उनके नेतृत्व में केकेआर ने 2024 में आईपीएल खिताब जीता था। उन्होंने टीम को एकजुट रखने और अनुशासन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।”
इसके साथ ही टीम ने यह भी जोड़ा कि पंडित के नेतृत्व का प्रभाव टीम पर लंबे समय तक महसूस किया जाएगा और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
रहाणे की कप्तानी में केकेआर का खराब प्रदर्शन
2025 सीज़न में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन उम्मीद के विपरीत रहा। टीम की कमान इस बार अजिंक्य रहाणे के हाथों में थी, लेकिन वे भी टीम को प्लेऑफ तक नहीं पहुंचा सके। केकेआर ने इस सीज़न में 14 में से केवल 5 मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। दो मैच बेनतीजा रहे। खराब प्रदर्शन के चलते टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर रही और टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गई।
क्या नए कोच के साथ बदलेगी टीम की किस्मत?
चंद्रकांत पंडित जैसे अनुभवी कोच की विदाई के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि केकेआर अगला कोच किसे बनाता है। पंडित का कोचिंग स्टाइल अनुशासन और रणनीति के लिए जाना जाता है, और 2024 में इसी संयोजन ने टीम को खिताब दिलाया था। लेकिन एक सीज़न की असफलता के बाद उनके जाने से टीम को एक बार फिर नए सिरे से निर्माण करना होगा।
क्या कदम उठाएगी KKR?
चंद्रकांत पंडित की विदाई कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक युग के अंत जैसा है। अब टीम को न केवल एक नया कोच ढूंढना होगा, बल्कि भविष्य के सीज़न के लिए अपनी रणनीति भी फिर से बनानी पड़ेगी। प्रशंसकों की निगाहें अब इस बात पर हैं कि केकेआर आगे क्या कदम उठाएगी।