केएल राहुल (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला इंग्लैंड के ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। इस दौरान इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 4 विकेट के नुकसान पर 251 रन बना लिए हैं। वहीं, मैच के तीसरे सेशन में केएल राहुल कप्तानी करते नजर आए। इसके पीछे बड़ी वजह सामने आ रही है।
गिल की जगह राहुल ने की कप्तानी
लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन शुभमन गिल की जगह बल्लेबाज केएल राहुल टीम इंडिया की कप्तानी करते नजर आए। पहले दिन के तीसरे सेशन में ऐसा वाकया हुआ जब केएल राहुल टीम के अन्य खिलाड़ियों को निर्देश देते दिखे। दरअसल, कप्तान गिल उस वक्त मैदान पर नहीं थे और उप-कप्तान ऋषभ पंत चोटिल होकर बाहर चले गए थे। बाद में गिल के मैदान पर लौटने के बाद उन्होंने फिर से जिम्मेदारी संभाल ली।
ऋषभ पंत की उंगली में लगी चोट
लीड्स टेस्ट में टीम इंडिया के उप-कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल होने के कारण मैदान से बाहर थे। बीसीसीआई ने बताया कि पंत के बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लगी है, जिसके चलते उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। फिलहाल, वह मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। उनकी जगह ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग करते नजर आए।
गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
टीम इंडिया के गेंदबाजों ने पहले दिन बेहतरीन प्रदर्शन किया। खासकर युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी ने अपने पहले ही ओवर में दो महत्वपूर्ण विकेट लिए। उन्होंने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर बेन डकेट को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर जैक क्रॉले को भी पंत के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा।
ऐसा रहा अब तक का खेल
इसके अलावा जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट लिया। पहले दिन के खेल खत्म होने तक जो रूट 99 रन और कप्तान बेन स्टोक्स 39 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। वहीं, ओली पोप 44, जैक क्रॉले 18, बेन डकेट 18 और हैरी ब्रुक 11 रन बनाकर आउट हो गए।