करुण नायर (सोर्स- बीसीसीआई एक्स)
IND vs ENG: ओवल टेस्ट के पहले पारी में भारतीय टीम की बल्लेबाज़ी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत की पूरी टीम 224 रनों पर सिमट गई। दूसरे दिन का खेल शुरू होते ही भारत ने महज़ 20 रन जोड़कर अपने बचे हुए चार विकेट गंवा दिए। यह सब महज़ 34 गेंदों में हुआ। भारत के लिए करुण नायर सबसे सफल बल्लेबाज़ रहे, जिन्होंने 57 रनों की अहम पारी खेली। इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ गस एटकिंसन ने एक बार फिर शानदार गेंदबाज़ी करते हुए पांच विकेट चटकाए।
टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप
मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाज़ी करने के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, भारतीय शीर्ष क्रम इस चुनौती का सामना करने में पूरी तरह नाकाम रहा। ओपनर यशस्वी जायसवाल महज़ 2 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हो गए। इसके बाद केएल राहुल भी कुछ खास नहीं कर सके और 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। साई सुदर्शन ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसे बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए और 38 रन बनाकर आउट हो गए।
कप्तान शुभमन गिल भी सेट नजर आ रहे थे, लेकिन जल्दबाज़ी में रन आउट होकर 21 के स्कोर पर वापस लौट गए। वहीं मैनचेस्टर टेस्ट में शानदार शतक लगाने वाले रवींद्र जडेजा इस बार केवल 9 रन ही बना पाए। 123 रनों तक आते-आते भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।
करुण नायर और सुंदर की अहम साझेदारी
टीम के मुश्किल हालात में करुण नायर ने एक छोर से टिके रहकर धैर्यपूर्ण बल्लेबाज़ी की। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर (30 रन) के साथ मिलकर 65 रनों की अहम साझेदारी निभाई। इस साझेदारी की बदौलत भारत 200 रन के पार पहुंच पाया। पहले दिन स्टंप्स तक स्कोर 204/6 था और लग रहा था कि भारत सम्मानजनक स्कोर की ओर बढ़ रहा है।
दूसरे दिन की शुरुआत बेहद खराब
दूसरे दिन भारत के लिए शुरुआत बेहद खराब रही। ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के विकेट जल्दी-जल्दी गिरते गए। कुल 34 गेंदों के भीतर भारतीय टीम सिर्फ 20 रन ही जोड़ सकी और 224 रनों पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के गस एटकिंसन ने अपनी धारदार गेंदबाज़ी से भारत की कमर तोड़ दी। उन्होंने 5 विकेट झटककर अपने टेस्ट करियर में चौथी बार यह उपलब्धि हासिल की।