श्रेयस अय्यर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: भारतीय बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर लौटने को तैयार हैं। लंबे समय से क्रिकेट से दूर रहने के बाद अब वह दलीप ट्रॉफी में वापसी करेंगे। आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाने के बाद से वह ब्रेक पर थे और इंग्लैंड के खिलाफ हुई हालिया टेस्ट सीरीज़ में भी उन्हें टीम में जगह नहीं मिली थी। लेकिन अब भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए राहत की खबर है कि अय्यर अपनी फिटनेस को लेकर पूरी तरह तैयार हैं और वापसी के लिए मैदान में उतरने को तैयार हैं, जिसका फायदा एशिया कप में भी मिल सकता है।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने की पुष्टि
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने पुष्टि की है कि श्रेयस अय्यर दलीप ट्रॉफी में खेलने के लिए उपलब्ध हैं। उनके साथ सरफराज खान भी इस टूर्नामेंट का हिस्सा होंगे। दोनों खिलाड़ी वेस्ट ज़ोन टीम का हिस्सा बन सकते हैं, जिसने पहले ही दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वेस्ट ज़ोन का अगला मुकाबला 4 सितंबर को होगा।
शिवम दुबे और तुषार देशपांडे भी खेल सकते हैं
अय्यर और सरफराज के अलावा, ऑलराउंडर शिवम दुबे और तेज़ गेंदबाज़ तुषार देशपांडे ने भी दलीप ट्रॉफी खेलने की इच्छा जताई है। ऐसे में वेस्ट ज़ोन की टीम काफी मज़बूत दिखाई दे रही है। इन सभी खिलाड़ियों का घरेलू क्रिकेट में अच्छा अनुभव है और इनकी मौजूदगी से टीम को बढ़त मिल सकती है।
इंग्लैंड सीरीज़ से रहे बाहर
इंग्लैंड के खिलाफ हाल में समाप्त हुई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ से पहले माना जा रहा था कि श्रेयस अय्यर की टेस्ट टीम में वापसी हो सकती है। लेकिन चयनकर्ताओं ने नए खिलाड़ियों पर भरोसा जताया और अय्यर को नज़रअंदाज़ कर दिया। अय्यर ने अब तक भारत के लिए 14 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने एक शतक और पाँच अर्धशतक लगाए हैं।
एशिया कप 2025 में मिल सकता है मौका
श्रेयस अय्यर ने पिछले घरेलू सीज़न में मुंबई के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके अलावा, आईपीएल 2025 में भी उन्होंने पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया। इस प्रदर्शन को देखते हुए क्रिकेट जानकार मान रहे हैं कि उन्हें एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है। दलीप ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन इस दिशा में निर्णायक हो सकता है।