विराट कोहली और मोहम्मद सिराज (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत की 6 रन से ओवल टेस्ट में जीत न केवल इस सीरीज का सबसे रोमांचक मोड़ रही, बल्कि आने वाले वर्षों तक यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट के गौरवशाली क्षणों में शामिल रहेगा। जैसे ही मोहम्मद सिराज ने गस एटकिंसन को क्लीन बोल्ड किया, जीत की खुशी कमेंट्री बॉक्स तक पहुंच गई, सुनील गावस्कर खुशी से झूम उठे। उनकी यह प्रतिक्रिया कैमरे में कैद हुई और सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस जीत ने फैन्स के साथ-साथ दिग्गज खिलाड़ियों को भी भावुक कर दिया।
विराट कोहली ने दी भावुक प्रतिक्रिया
टीम इंडिया की यादगार जीत के बाद विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा, “भारत की शानदार जीत। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की प्रतिबद्धता और शानदार खेल ने हमें यह यादगार जीत दिलाई है। सिराज की ख़ास तौर पर तारीफ़ की जानी चाहिए जो टीम को जीत दिलाने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। मैं उनके लिए बहुत खुश हूं।”
कोहली की इस प्रतिक्रिया से यह साफ ज़ाहिर होता है कि टीम की इस जीत में गेंदबाज़ों की भूमिका को कितना महत्व दिया गया है।
सिराज और कृष्णा की गेंदबाज़ी ने पलटा मैच
पाँचवें दिन इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 35 रन बनाने थे और उसके 4 विकेट शेष थे। लेकिन सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाज़ी करते हुए इंग्लैंड को लक्ष्य तक पहुँचने नहीं दिया। सिराज ने दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर भारत को जीत दिलाई और पूरे मैच में 9 विकेट झटके। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
सिराज ने न केवल इस टेस्ट में बल्कि पूरी सीरीज में शानदार गेंदबाज़ी की। उन्होंने 2025 की सीरीज में कुल 23 विकेट लिए, जो सबसे ज़्यादा हैं।
इंग्लैंड का भारत पर टेस्ट सीरीज जीत का इंतज़ार जारी
इंग्लैंड के लिए यह हार और भी बड़ी इसलिए है क्योंकि उसने आखिरी बार भारत को टेस्ट सीरीज में 2018 में हराया था। उसके बाद भारत ने दो बार इंग्लैंड का दौरा किया और दोनों बार सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही। वहीं, इंग्लैंड जब भारत आया, तो दोनों बार उसे टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा।
भारत की यह जीत न केवल एक मैच का नतीजा है, बल्कि यह भारतीय क्रिकेट की गहराई, गेंदबाज़ों की ताकत और कप्तान की रणनीति का बेहतरीन उदाहरण भी है।