शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ अब निर्णायक मोड़ पर आ गई है। चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा, लेकिन इंग्लैंड अभी भी सीरीज़ में 2-1 से आगे है। ऐसे में ओवल में 31 जुलाई से शुरू हो रहे पांचवें टेस्ट में टीम इंडिया के लिए मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा बन चुका है। इस बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारत के स्टार तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह अंतिम टेस्ट में खेलेंगे?
गिल ने बुमराह को लेकर क्या कहा?
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने इस सवाल का जवाब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया। गिल ने कहा, “हम बुमराह के खेलने पर कल फैसला लेंगे। विकेट अभी हरा दिख रहा है, देखते हैं क्या होता है।” यह बयान साफ करता है कि बुमराह की उपलब्धता को लेकर अंतिम निर्णय मैच से एक दिन पहले लिया जाएगा।
सीरीज शुरू होने से पहले क्या थी योजना?
मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सीरीज शुरू होने से पहले ही यह स्पष्ट किया था कि जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत सिर्फ तीन टेस्ट मैचों में उतारा जाएगा। अब तक बुमराह तीन टेस्ट खेल चुके हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम मैनेजमेंट अपनी पहले से तय रणनीति पर कायम रहता है या टीम की जरूरतों को देखते हुए बुमराह को मैदान में उतारता है।
चौथे टेस्ट में नहीं चला जादू
चौथे टेस्ट में बुमराह का प्रदर्शन औसत रहा। मैनचेस्टर टेस्ट में उन्होंने 33 ओवर में 112 रन देकर केवल दो विकेट लिए। यह उनके करियर का पहला मौका था जब उन्होंने किसी टेस्ट पारी में 100 से ज्यादा रन दिए। हालांकि, इसके बावजूद बुमराह इस सीरीज में भारत के सबसे सफल तेज गेंदबाज़ बने हुए हैं।
बुमराह के बिना टीम इंडिया अधूरी?
अब तक इस सीरीज में बुमराह ने तीन मैचों में 14 विकेट झटके हैं। वह सीरीज में दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स हैं। ऐसे में टीम इंडिया और फैन्स दोनों ही चाहते हैं कि बुमराह पांचवें टेस्ट में जरूर खेलें।
विकल्प भी तैयार
हालांकि टीम इंडिया के लिए राहत की बात यह है कि तेज़ गेंदबाज़ आकाशदीप और अर्शदीप सिंह पूरी तरह फिट हैं। अगर बुमराह को आराम दिया जाता है तो ये दोनों तेज़ गेंदबाज़ विकल्प के तौर पर तैयार हैं। इससे शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम पांचवें टेस्ट में अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतर सकती है।