टीम इंडिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। सूर्यकुमार यादव को कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि शुभमन गिल को टीम का नया उप-कप्तान बनाया गया है। इस टूर्नामेंट के लिए कई बड़े फैसले लिए गए हैं, जिनमें कुछ अनुभवी खिलाड़ियों को बाहर किया गया है, तो वहीं कुछ नए चेहरों को मौका मिला है।
गिल बने नए उप-कप्तान
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने अब तक कोई भी टी20 सीरीज़ नहीं हारी है। ऐसे में चयनकर्ताओं ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए एशिया कप की कमान उन्हें सौंपी है। उप-कप्तान की भूमिका से अक्षर पटेल को हटाकर शुभमन गिल को यह जिम्मेदारी दी गई है। गिल करीब 13 महीने बाद टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने आखिरी बार जुलाई 2024 में श्रीलंका के खिलाफ T20 सीरीज़ खेली थी।
श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज टीम से बाहर
सबसे चौंकाने वाला फैसला श्रेयस अय्यर को टीम से बाहर रखना रहा। उन्होंने हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे (243 रन) और आईपीएल 2025 में भी पंजाब की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुँचाया था। व्यक्तिगत रूप से उन्होंने 50.33 की औसत से 604 रन बनाए थे, इसके बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। वहीं, तेज गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज को आराम देने की अटकलें थीं और उन्हें भी बाहर रखा गया है।
टीम में नए और युवा चेहरों को मौका
टीम की बल्लेबाजी की कमान सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह संभालेंगे। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन और जितेश शर्मा को दी गई है। ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और शिवम दुबे को मौका मिला है। गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह के साथ अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और हर्षित राणा शामिल हैं।
टीम इंडिया (एशिया कप 2025):
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, रिंकू सिंह।