भारत बनाम पाकिस्तान (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: क्रिकेट प्रेमियों का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला 14 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है, लेकिन इसके साथ ही कुछ विवाद भी सामने आ रहे हैं। हाल ही में हुए आतंकवादी हमले और उसके जवाब में भारतीय ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के बाद यह दोनों देशों के बीच पहला मुकाबला होगा, जिससे इस मैच की संवेदनशीलता और भी बढ़ गई है। ऐसे में अब पता चला है कि इस मुकाबले की टिकट भी फैंस के होश उड़ा सकती है।
15.75 लाख रुपये में बिक रही टिकट
हालांकि कुछ प्रशंसक इस मैच के बहिष्कार की मांग कर रहे हैं, लेकिन टिकटों की मांग आसमान छू रही है। आधिकारिक रूप से टिकटों की बिक्री अभी शुरू नहीं हुई है, इसके बावजूद ब्लैक मार्केट में टिकट 15 लाख रुपये से भी ज्यादा कीमत पर बिक रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ थर्ड-पार्टी वेबसाइटों ने बिना अनुमति के टिकट बेचना शुरू कर दिया है। इन वेबसाइट्स पर टिकटों की कीमत 26,256 रुपये (AED 1100) से लेकर 15.75 लाख रुपये (AED 66,000) तक बताई जा रही है।
टिकट बिक्री अभी शुरू नहीं
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने अब तक आधिकारिक रूप से टिकट बिक्री की शुरुआत नहीं की है। इसके बावजूद टिकट बाजार में आ गए हैं, जो धोखाधड़ी और ठगी की ओर इशारा करते हैं। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को सतर्क रहना ज़रूरी है, क्योंकि किसी भी गैर-आधिकारिक माध्यम से खरीदी गई टिकट अमान्य हो सकती है।
आयोजकों ने जारी की चेतावनी
एसीसी और यूएई क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इस स्थिति को गंभीरता से लिया है और सोशल मीडिया के माध्यम से अलर्ट जारी किया है। ईसीबी के मुख्य परिचालन अधिकारी सुभान अहमद ने कहा, “प्रशंसकों से अनुरोध है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही टिकट खरीदें। हम जल्द ही टिकट बिक्री की आधिकारिक तिथि की घोषणा करेंगे, संभवतः अगले दो दिनों में।”
प्रशंसकों से सतर्क रहने की अपील
टूर्नामेंट के आयोजकों ने दोहराया कि वे फर्जी वेबसाइट्स और टिकट स्कैम के खिलाफ सख्त कदम उठाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया या किसी अनाधिकृत वेबसाइट से खरीदी गई टिकटें वैध नहीं मानी जाएंगी। ऐसे में प्रशंसकों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक चैनलों पर भरोसा करें और किसी भी लालच में न आएं।
सतर्कता भी ज़रूरी
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर भावनाएं चरम पर हैं, लेकिन इस जुनून में धोखाधड़ी का शिकार होना किसी के लिए भी नुकसानदेह हो सकता है। ऐसे में आयोजकों की सलाह का पालन करना ही समझदारी होगी।