समीर रिजवी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Sameer Rizvi: उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग (UPPL) 2025 के 22वें मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स ने लखनऊ फाल्कन्स को 8 विकेट से हरा दिया। यह मुकाबला एकतरफा साबित हुआ, जहां कानपुर की टीम ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। टीम की जीत के नायक रहे कप्तान समीर रिज़वी, जिन्होंने अपने बल्ले से मैच का रुख पलट दिया।
15.4 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
लखनऊ फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन बनाए थे। जवाब में कानपुर सुपरस्टार्स ने सिर्फ़ 15.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की इस तेज़ जीत में समीर रिज़वी की तूफानी पारी सबसे निर्णायक रही। उन्होंने 32 गेंदों में 76 रन की नाबाद पारी खेली और विरोधी गेंदबाज़ों को कोई मौका नहीं दिया।
समीर रिज़वी का बल्लेबाज़ी में विस्फोट
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर की टीम को दीपक राजपूत और शौर्य ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। दीपक 21 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शौर्य ने 22 गेंदों में 36 रन की तेज़ पारी खेली। इसके बाद समीर रिज़वी मैदान पर आए और शुरुआत में थोड़ा संयम दिखाया। अपनी पहली 15 गेंदों में उन्होंने केवल 12 रन बनाए।
लेकिन इसके बाद समीर ने रफ्तार पकड़ ली और बाउंड्री की झड़ी लगा दी। समीर ने अपनी पारी में कुल 3 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के जड़े। उन्होंने चौके-छक्कों से ही 66 रन बना डाले। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत कानपुर ने आसान जीत दर्ज की और मैच को एकतरफा बना दिया।
आराध्या यादव और सैफ़ की पारी व्यर्थ
इससे पहले लखनऊ फाल्कन्स के लिए आराध्या यादव ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 44 गेंदों में 59 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उन्हें मोहम्मद सैफ़ का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 31 गेंदों पर 43 रन बनाए और 2 चौके व 3 छक्के जड़े। अंतिम ओवरों में समीर चौधरी ने 6 गेंदों में 15 रनों की तेज़ पारी खेली, जिससे लखनऊ 162 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर पाई।
Also Read This: Asia Cup 2025: ये कैसा घोटाला? 15 लाख में बिक रही IND vs PAK मैच की टिकट!
हालांकि, यह स्कोर समीर रिज़वी की तूफानी बल्लेबाज़ी के सामने नाकाफी साबित हुआ और लखनऊ को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।