संजू सैमसन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Sanju Samson: 2025 एशिया कप 9 सितंबर से शुरू होने वाला है और इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का ऐलान भी हो चुका है। टीम में संजू सैमसन को शामिल किया गया है, जो फिलहाल केरल क्रिकेट लीग में धुआंधार बल्लेबाजी कर अपनी छाप छोड़ रहे हैं। सैमसन ने तीन मैचों में लगातार धमाकेदार प्रदर्शन किया है, जिसमें उन्होंने दो अर्धशतक और एक शतक जमाया है। कुल मिलाकर उन्होंने 21 छक्के लगाए हैं, जो उनकी आतिशी बल्लेबाजी का परिचायक है। इस प्रदर्शन से साफ है कि सैमसन एशिया कप में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह पक्की करने की दिशा में बढ़ रहे हैं।
संजू का तूफानी अर्धशतक
संजू सैमसन केरल क्रिकेट लीग 2025 में कोच्चि ब्लू टाइगर्स टीम के लिए खेल रहे हैं, जिसकी कप्तानी उनके भाई सैली सैमसन कर रहे हैं। 28 अगस्त को कोच्चि ब्लू टाइगर्स और त्रिवेंद्रम रॉयल्स के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें संजू ने 37 गेंदों में 62 रन बनाए। उनकी यह पारी 167.57 की स्ट्राइक रेट से भरी हुई थी, जिसमें उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के लगाए। इस प्रदर्शन के दम पर उनकी टीम ने 9 रनों से जीत हासिल की और संजू को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
तीन मैचों में 21 छक्के लगाए
संजू सैमसन ने केरल क्रिकेट लीग के पिछले दोनों मैचों में भी जोरदार बल्लेबाजी की है। एरीज़ कोल्लम सेलर्स के खिलाफ़ उन्होंने 51 गेंदों में 121 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 7 छक्के शामिल थे। इसके बाद त्रिशूर टाइटन्स के खिलाफ 46 गेंदों में 89 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 9 छक्के शामिल थे। तीनों मैचों को मिलाकर संजू ने कुल 21 छक्के लगाए हैं, जो उनकी फॉर्म और आक्रामकता को दर्शाता है।
क्या प्लेइंग-11 में जगह पक्की होगी?
हालांकि संजू सैमसन को एशिया कप के लिए टीम में शामिल किया गया है, लेकिन अभी उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह पर संशय बना हुआ है। केरल क्रिकेट लीग में उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए संभावना है कि वे ओपनिंग की बजाय मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं। टीम में शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ओपनिंग कर सकते हैं, जिससे सैमसन को मध्यक्रम में मौका मिलना अधिक संभव दिखता है।
संजू की विस्फोटक बल्लेबाजी और छक्कों की बारिश भारतीय टीम को टूर्नामेंट में मजबूती दे सकती है। अगर वे एशिया कप में भी इसी फॉर्म को बरकरार रखते हैं, तो टीम इंडिया की सफलता में उनकी अहम भूमिका होगी।