बाबर आज़म (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) जल्द ही एशिया कप 2025 के लिए अपनी टी20 टीम की घोषणा कर सकता है। टूर्नामेंट से पहले टीम चयन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, खासकर एक बार फिर बाबर आजम की संभावित वापसी को लेकर। पूर्व कप्तान बाबर आजम पिछले कुछ समय से टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं, जिसकी वजह उनकी धीमी स्ट्राइक रेट को बताया गया था। मगर अब खबर है कि बाबर एक बार फिर टीम में जगह बना सकते हैं।
फखर जमां की चोट खोल सकती है बाबर के लिए दरवाज़ा
बाबर की वापसी की चर्चा फखर जमां की चोट के चलते फिर शुरू हो गई है। वेस्टइंडीज़ के खिलाफ हाल ही में खेली गई टी20 सीरीज़ के दौरान फखर जमां हैमस्ट्रिंग की चोट का शिकार हो गए। इस वजह से उन्हें दोनों सीमित ओवरों की सीरीज़ से बाहर होना पड़ा। फिलहाल पीसीबी ने उन्हें रिहैब के लिए लाहौर स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि बाबर को एशिया कप में उनकी जगह टीम में शामिल किया जा सकता है।
टी20 टीम में वापसी की दावेदारी
रिपोर्ट्स की मानें तो अगर बाबर आजम वेस्टइंडीज़ के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज़ में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो उनकी टी20 टीम में वापसी तय मानी जा रही है। फखर के विकल्प के तौर पर बाबर एक भरोसेमंद विकल्प बन सकते हैं, खासकर तब जब टीम को एक अनुभवी बल्लेबाज़ की जरूरत है। क्रिकेट पाकिस्तान की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बाबर ने वेस्टइंडीज़ सीरीज़ के दौरान पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी से मुलाकात की थी। यह इशारा करता है कि वह चयनकर्ताओं के रडार में बने हुए हैं।
ट्राई सीरीज़ में मिलेगी टीम को अहम तैयारी
एशिया कप से पहले पाकिस्तान को एक त्रिकोणीय सीरीज़ भी खेलनी है जिसमें अफगानिस्तान और यूएई की टीमें भाग लेंगी। यह सीरीज़ 29 अगस्त से 7 सितंबर तक यूएई के शारजाह में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक टीम आपस में दो-दो मैच खेलेगी, और फिर 7 सितंबर को फ़ाइनल मुकाबला होगा। इसके तुरंत बाद 9 सितंबर से एशिया कप की शुरुआत होगी, जिसे अबू धाबी और दुबई के मैदानों पर खेला जाएगा। इस सीरीज़ के प्रदर्शन के आधार पर भी बाबर आज़म की स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।