आज पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का पवित्र दिन है. सुबह से ही शहर का हर गली-कूचा जय जगन्नाथ के शोर से गूंज रहा है. मंदिर के आसपास रंग-बिरंगे झंडे लहरा हैं. विशाल रथ भी सज-धजकर पूरी तरह तैयार, जिसे हजारों लोग मिलकर खीचेंगे. देशभर से लाखों भक्त पुरी पहुंच चुके हैं जो कि रथ यात्रा में शामिल होकर पुण्य की प्राप्ति करेंगे.
क्या है जगन्नाथ रथ यात्रा?
जगन्नाथ रथ यात्रा एक प्रसिद्ध हिंदू उत्सव है, जो हर साल ओडिशा के पुरी में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है. यह उत्सव भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को समर्पित है. हर साल आषाढ़ महीने की शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यह यात्रा होती है. इस दिन तीनों देवताओं की मूर्तियां विशाल रथों पर बैठाकर पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर से गुंडिचा मंदिर तक ले जाई जाती हैं. लाखों श्रद्धालु रथों की रस्सी खींचते हैं, ऐसी मान्यता है कि इस यात्रा में भाग लेने से सभी पाप दूर होते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है.
नबाजौबन दर्शन: रथ यात्रा से पहले खास मौका
रथ यात्रा से एक दिन पहले, ‘नबाजौबन दर्शन’ का आयोजन किया जाता है, जो कि कल हुआ. इसमें भक्तों ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के भव्य युवा रूप के दर्शन किए. हजारों श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर के सिंह द्वार पर इकट्ठा हो जाते हैं. भगवान स्नान उत्सव के बाद 15 दिनों के लिए ‘अनासर घर’ (अलग कमरे) में रहते हैं क्योंकि ऐसी मान्यता है कि स्नान के बाद वे बीमार हो जाते हैं. इसलिए इस दिन उन्हें विशेष वस्त्र और श्रृंगार में दर्शन के लिए लाया जाता है. इस दिन को ‘नेत्र उत्सव’ भी कहा जाता है क्योंकि मूर्तियों की आंखों को फिर से रंगा जाता है.
तीनों रथों की जानकारी
1. तालध्वज – भगवान बलभद्र का रथ
2. देवदलन – देवी सुभद्रा का रथ
3. नंदीघोष – भगवान जगन्नाथ का रथ
आस्था की डोर से खींचे जाएंगे रथ
भगवान के इन तीनों रथों को तैयार कर लिया गया है, जो कि बेहद शानदार तरीके से सजाए गए हैं और आज पुरी की ग्रैंड रोड पर इन रथों को खींचा जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था पूरी तैयार- इस साल की रथ यात्रा में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं:
- 10,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं
- NSG कमांडो पहली बार इस कार्यक्रम में तैनात किए गए हैं
- 275 AI कैमरे पूरे शहर में लगाए गए हैं
- समुद्री सुरक्षा के लिए नौसेना, तटरक्षक और समुद्री पुलिस भी सतर्क हैं
सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व
यह यात्रा न सिर्फ धार्मिक, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है. देश और विदेश से श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं. भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा श्रद्धा, संस्कृति और सुरक्षा का अनूठा संगम है. लाखों लोगों की आस्था इस दिन पुरी में उमड़ती है, और प्रशासन हर स्तर पर उसकी सफलता सुनिश्चित करने में जुटा है.