इलाके में शांति बहाली की कोशिशें जारी
Muharram Procession: झारखंड के पलामू जिले में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हुई झड़प ने इलाके में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। ये मामला इतना बढ़ गया कि प्रशासन को गांव में निषेधाज्ञा (धारा 144 / भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163) लागू करनी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि अभी एहतियातन यह कदम उठाया गया है, ताकि स्थिति काबू में रहे और कोई अप्रिय घटना न हो।
Muharram Procession: कैसे हुई घटना
पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के पाल्हे गांव में रविवार शाम मुहर्रम के मौके पर ताजिया का जुलूस निकाला जा रहा था। तभी अचानक किसी बात को लेकर दो समुदायों के युवकों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली बहस ने हिंसक रूप ले लिया और फिर दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई।
Muharram Procession: लोगों ने क्या कुछ बताया
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मुहर्रम जुलूस में शामिल कुछ लोग तेज आवाज में नारेबाजी करने लगे थे। इस पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ बुजुर्गों और शांति समिति के सदस्यों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद झड़प में कम से कम तीन लोग घायल हो गए।
Muharram Procession: घायलों का इलाज और पुलिस कार्रवाई
घायलों को इलाज के लिए पाटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि सभी की हालत स्थिर है और गनीमत है कि घाव ज्यादा गहरे नहीं हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें।
ये भी पढ़ें: जंगल में नक्सली बारूद का शिकार हुआ बेजुबान, IED विस्फोट में सबके प्यारे हाथी गडरू की मौत
Muharram Procession: गांव में लगा निषेधाज्ञा
पलामू की उपायुक्त समीरा एस. के मुताबिक सुबह छह बजे से अगले 48 घंटों के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 (पूर्व में सीआरपीसी की धारा 144) के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह कदम पूरी तरह एहतियातन उठाया गया है ताकि किसी तरह का साम्प्रदायिक तनाव और नहीं बढ़े। इस दौरान गांव में चार या चार से अधिक लोगों के एक साथ इकट्ठा होने पर पाबंदी रहेगी। साथ ही इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
Muharram Procession: शांति समिति और प्रशासन की पहल
इस घटना के बाद से शांति बहाली की कोशिशें जारी है। समिति लगातार गांव के लोगों के बीच संवाद स्थापित कर रही है ताकि जल्द से जल्द स्थिति सामान्य की जा सके। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों भी भी गांव का दौरा कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे है
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी पुलिस को दें।
Muharram Procession: त्योहारों पर विशेष सतर्कता
झारखंड के कई इलाकों में मुहर्रम को लेकर विशेष तैयारियां की जाती हैं। ऐसे में प्रशासन ने पहले से ही पुलिस की गश्त बढ़ा रखी थी। लेकिन पाल्हे गांव में अचानक हुई इस झड़प ने प्रशासन को अब और चौक्कना कर दिया है।
उपायुक्त समीरा एस. ने कहा कि अगले 48 घंटों तक स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जाएगी। इसके बाद हालात सामान्य होने पर निषेधाज्ञा को हटाने पर विचार किया जाएगा।
Muharram Procession: स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
पाल्हे गांव के बुजुर्गों ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह विवाद नहीं होना चाहिए था। “त्योहार खुशियों का होता है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों की वजह से माहौल बिगड़ गया। हम चाहते हैं कि गांव में फिर से भाईचारा लौटे,” एक ग्रामीण ने कहा।
फिलहाल गांव में पुलिस और प्रशासन की निगरानी में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लोग दबी जुबान में घटना को लेकर चिंता जता रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।