झारखंड के कलाकारों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात (सौजन्य-@rashtrapatibhvn)
24 July Top News of Jharkhand: झारखंड के धनबाद में अवैध खनन के चलते खदान धंसने की खबर सामने आई है। तो वहीं हेमंत सोरेन ने शिबू सोरेन की हेल्थ अपडेट दी है। यहां पढ़ें दिन भर की सभी बड़ी खबरें।
IMD Alert: झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
झारखंड में अगले कुछ दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार समेत अगले 5 दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने शुक्रवार को राज्य के कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा अन्य 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा सिस्टम के प्रभाव से झारखंड के कुछ जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा) चलने की भी संभावना है।
Jharkhand Mines: धनबाद में धंसी खदान
धनबाद के बाघमारा में गुरुवार की सुबह खदान धंसने की घटना सामने आई। इस खदान में अभी भी कई मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना का पता चलते ही बचाव के लिए एनडीआरएफ की टीम धनबाद पहुंची है। एनडीआरएफ के संतोष पठानिया के नेतृत्व में 33 सदस्यीय टीम बचाव कार्य में जुट गई है और कैंप लगा दिए है। एनडीआरएफ की टीम के साथ बीसीसीएल की खदान बचाव टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है। एनडीआरएफ की टीम उस जगह के आसपास के इलाकों का निरीक्षण कर रही है जहां अवैध उत्खनन के दौरान हादसा हुआ था।
झारखंड के कलाकारों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
सोहराय, पट्टचित्र और पटुआ कला रूपों के कलाकारों ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के 29 कलाकारों ने राष्ट्रपति भवन के कला उत्सव 2025 के दूसरे संस्करण – ‘आवासीय कलाकार कार्यक्रम’ में भाग लिया। राष्ट्रपति भवन में अपने प्रवास के दौरान, उन्होंने अपनी पारंपरिक और लोक कला के माध्यम से अपने गाँवों, रीति-रिवाजों, कहानियों और जीवंत विरासत का सार प्रस्तुत किया।
Shibu Soren Health Update: शिबू सोरेन हेल्थ अपडेट
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज राज्य मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक के बाद रांची में पत्रकारों से बात करते हुए हेमंत सोरेन ने शिबू सोरेन के स्वास्थ्य के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। हमें भी उम्मीद है कि गुरुजी ने कई लड़ाइयां जीती हैं और इस बार भी जीतेंगे। हमें उम्मीद है कि फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। इसमें कुछ समय लगेगा।”
अटल मोहल्ला क्लिनिक का बदला नाम
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने भाजपा सरकार द्वारा शुरू किए गए अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलने का फैसला किया है। गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में झारखंड राज्य विश्वविद्यालय विधेयक, 2025 को मंजूरी देने के साथ ही कुल 21 बड़े फैसले लिए गए।
यह भी पढ़ें – Jharkhand में चाईबासा के जंगलों में 14 IED बरामद, यहां पढ़ें झारखंड की दिन भर की बड़ी खबरें
झारखंड सरकार ने अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस्ड हेल्थ क्लिनिक कर दिया। ये फैसला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि कैबिनेट ने अटल मोहल्ला क्लिनिक योजना का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस्ड हेल्थ क्लिनिक करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।