विराट कोहली और रोहित शर्मा (सोर्स-सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के आयोजन को लेकर चर्चाएं तेज़ हो गई हैं। हालांकि एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने अब तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार, यह बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट 5 सितंबर से 21 सितंबर के बीच खेला जा सकता है। इस बार भी भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान समेत कुल आठ टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।
रोहित शर्मा और विराट कोहली खेलेंगे या नहीं?
फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा एशिया कप 2025 में खेलते नज़र आएंगे? इसका सीधा जवाब है नहीं। दरअसल, एशिया कप 2025 को टी20 फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा और विराट-रोहित दोनों ही टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं।
दोनों दिग्गजों ने 2024 टी20 विश्व कप में भारत को चैंपियन बनाने के बाद टी20 क्रिकेट से विदाई ली थी। इसके बाद वे केवल टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में ही सीमित रह गए थे। हालांकि, साल 2025 की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी के बाद उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा कर दी। भारत ने 9 मार्च 2025 को न्यूज़ीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, जो दोनों दिग्गजों का आखिरी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट साबित हुआ। इसके कुछ समय बाद, आईपीएल 2025 के दौरान दोनों ने टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया।
भारत का एशिया कप में रिकॉर्ड
भारत एशिया कप इतिहास की सबसे सफल टीम रही है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 1984 में हुई थी और अब तक कुल 16 बार इसका आयोजन हो चुका है। भारत ने अब तक 8 बार एशिया कप ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं, श्रीलंका ने 6 और पाकिस्तान ने 2 बार खिताब जीता है।
2023 में खेले गए पिछले एशिया कप में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को फाइनल में 10 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में टीम इंडिया इस बार भी खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है, भले ही वह बिना अपने दो सबसे अनुभवी खिलाड़ियों के मैदान में उतरे।
टीम इंडिया की नई पीढ़ी के लिए बड़ी परीक्षा
रोहित शर्मा और विराट कोहली की गैरमौजूदगी में भारत के युवा खिलाड़ियों के सामने खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा। एशिया कप 2025 सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि भविष्य की भारतीय टीम की दिशा तय करने वाला मंच भी बन सकता है।