ऋषभ पंत और एमएस धोनी (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत ने मैनचेस्टर के मैदान पर ऐतिहासिक पारी खेली। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन पंत के पैर के अंगूठे में चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। मैच के दूसरे दिन पंत एक बार फिर बल्लेबाजी करने उतरे, तो उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिया। पंत एक सीरीज में सबसे ज़्यादा अर्धशतक लगाने वाले भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज़ बन गए हैं।
ऋषभ पंत ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड
ऋषभ पंत ने मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में 75 गेंदों में 54 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज में यह पांचवां अर्धशतक लगाया। इसके साथ ही पंत एक सीरीज में सबसे ज़्यादा अर्धशतक लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज़ बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के दिग्गज खिलाड़ी फारूक इंजीनियर और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम था।
भारत के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज़ फारूक इंजीनियर ने 1972-73 में इंग्लैंड के खिलाफ एक ही सीरीज़ में चार अर्धशतक जमाए थे। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह शुरुआती भारतीय खिलाड़ियों में से एक रहे। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने भी यह कारनामा दो बार दोहराया। पहली बार धोनी ने 2008-09 की सीरीज़ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार अर्धशतक लगाए थे, जबकि दूसरी बार उन्होंने 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया।
पंत के पास बड़ा मौका
अब भारत की टेस्ट टीम के उप-कप्तान ऋषभ पंत इस सीरीज़ के चौथे टेस्ट की पहली पारी तक पांच अर्धशतक लगा चुके हैं। अब पंत के पास इस सीरीज़ में तीन पारियां बाकी हैं। पंत इस रिकॉर्ड को और भी बेहतर बना सकते हैं।
पंत के अंगूठे में चोट
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन जोफ्रा आर्चर की एक गेंद पर पैर के अंगूठे में चोट लग गई। पंत स्वीप शॉट खेल रहे थे, लेकिन गेंद बल्ले पर लगने की बजाय उनके अंगूठे पर जा लगी। इस चोट के कारण ऋषभ पंत दर्द में थे। पंत को रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। मैच के दूसरे दिन पंत का बल्लेबाजी के लिए आना मुश्किल लग रहा था, लेकिन वह लंगड़ाते हुए बल्लेबाजी करने आए और ऐतिहासिक अर्धशतकीय पारी खेली।