बोकारो में नक्सली हमला (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Naxal Attack 16 July Top News of Jharkhand : झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत लुगु पहाड़ी में बुधवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई।
Naxal Attack : बोकारो में पुलिस और नक्सली के बीच मुठभेड़
झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत लुगु पहाड़ी में बुधवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई। पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के दौरान पहाड़ी गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र के काशीटांड़ के जंगल में दोनों ओर से हुई इस मुठभेड़ में झारखंड के कुख्यात 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली कुंवर मांझी समेत दो नक्सलियों को पुलिस ने ढेर किया। वहीं, पुलिस ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान शहीद हो गया।
Hemant Soren : हेमंत सोरेन ने जवान को दी श्रद्धांजलि
बोकारो जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने जवान को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “आज गोमिया के ललपनिया क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान सीआरपीएफ 209 कोबरा बटालियन के कांस्टेबल प्रानेश्वर कोच जी के शहीद होने की दुःखद खबर से मन आहत है। मरांग बुरु दिवगंत शहीद की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।”
हजारीबाग ने CBI ने CCL कर्मचारी समेत 4 को दबोचा
सीसीएल गिद्दी-ए कोलियरी परियोजना हजारीबाग में कोयला ट्रांसपोर्टरों और लिफ्टरों से अवैध वसूली के मामले में सीबीआई एसीबी रांची की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। ACB ने मंगलवार को परियोजना कार्यालय प्रबंधक अयोध्या करमाली, लिपिक मुकेश कुमार और प्रकाश महली तथा कोयला लिफ्टर विजय कुमार सिंह को अवैध वसूली के मामले में गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद सभी को रांची स्थित ACB एसीबी कार्यालय लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद सभी को CBI की विशेष अदालत में पेश किया गया। इसके बाद सभी को होटवार जेल भेज दिया गया। चारों की अगली पेशी 22 जुलाई को अदालत में होगी।
Cabinet Metting : 24 जुलाई को होगी झारखंड कैबिनेट की बैठक
झारखंड कैबिनेट बैठक: रांची-झारखंड कैबिनेट की बैठक 24 जुलाई 2025 को होगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शाम 4 बजे से कैबिनेट की बैठक होगी। कैबिनेट की बैठक रांची के प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद सभागार में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में हेमंत सोरेन सरकार द्वारा कई अहम फैसले लेने की संभावना है। कैबिनेट बैठक की जानकारी मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने दी है।
Naxal Attack : बोकारो में हिमंत बिस्वा सरमा ने जवान की शहादत पर दी श्रद्धांजलि
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने बोकारो में हुई मुठभेड़ अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया साइट ‘X’ पर पोस्ट किया, ‘असम के वीर और मां भारती के सपूत ‘CT/GD’ कोकराझार निवासी परनेश्वर कोच आज सुबह झारखंड में नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हो गए।’ सरमा ने कहा कि असम की जनता उनके बलिदान को नमन करती है।
असम के मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, ‘हम हमेशा उनके (सैनिक के परिवार) साथ खड़े रहेंगे। परनेश्वर कोच का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हमारी सेनाएं धरती से नक्सलवाद को जड़ से मिटाने के लिए पूरी ताकत से लगी हुई हैं।’
Ranchi : 64वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का हुआ आगाज
रांची में खेलगांव स्थित अभ्यास मैदान में 64वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू हो गई। यह प्रतियोगिता झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। राज्य शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक शशि रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन 17 जुलाई को इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
Rain Alert in Jharkhand : पलामू में लगातार जारी बारिश
झारखंड के पलामू जिले में पिछले 12 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। पलामू के निचले इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने भारी तबाही मचाई। कई दर्जनों घरों में पानी घुस गया। पलामू से होकर बहने वाली कोयल, औरगा और अमानत नदियां उफान पर आ गई हैं। कई इलाकों में नदी का पानी मुख्य सड़क तक पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें – Shibu Soren से नितिन गडकरी और अरविंद केजरीवाल ने की मुलाकात, यहां पढ़ें राज्य की बड़ी खबरें
पलामू में सभी स्कूल बंद
पलामू में जारी भारी बारिश के कारण कई ग्रामीण इलाकों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। डाल्टनगंज-किशनपुर-पाटन मार्ग को बंद कर दिया गया है। डीसी समीरा एस ने गुरसुती नदी के पुल पर वाहनों की आवाजाही रोकने का निर्देश दिया है। उन्होंने बुधवार के साथ-साथ गुरुवार को भी स्कूल बंद रखने का निर्देश दिया है।
जमशेदपुर में पहाड़ी पर श्रद्धालुओं से नहीं लिया जाएगा प्रवेश शुल्क
झारखंड के जमशेदपुर के दलमा वन्यजीव अभयारण्य की पहाड़ी पर स्थित शिवलिंग पर जल चढ़ाने आने वाले श्रद्धालुओं से अब प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। वन विभाग ने इस संबंध में निर्णय लिया है। जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह आस्था का विषय है। इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें।