झारखंड महिला टीम ने जीता खिताब (सौजन्य-एक्स)
14 July Top News of Jharkhand : झारखंड की महिला टीम ने राज्य का नाम रोशन करते हुए 15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। यहां पढ़ें झारखंड की दिन भर की सभी बड़ी खबरें।
Jharkhand News : झारखंड में 800 बोतल शराब पी गए चूहे
झारखंड के धनबाद में भारत निर्मित विदेशी शराब (IMFL) का स्टॉक गायब हो गया। इसका कारण न बता पाने पर व्यापारियों ने चूहों पर लगभग 800 बोतल शराब पी जाने का आरोप लगाया। व्यापारियों ने खुद को बचाने के लिए यह हैरतअंगेज दावा किया, जिसे सुनकर सभी हैरान रह गए। चूहों पर यह आरोप झारखंड की नई शराब नीति के 1 सितंबर से लागू होने से एक महीने पहले लगा है। नीति लागू होने से पहले राज्य प्रशासन शराब के स्टॉक की जांच कर रहा है। इसी अभियान के तहत धनबाद के बलियापुर और प्रधान खूंटा इलाकों की दुकानों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों ने यह बहाना बनाया।
Women National Hockey Championship : झारखंड ने जीता महिला हॉकी चैंपियनशिप का खिताब
15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप का खिताब झारखंड की महिला टीम ने अपने नाम किया। झारखंड की महिला टीम ने फाइनल मुकाबले में ओडिशा की महिला टीम को 1-0 से हराया। इसके साथ ही झारखंड ने स्वर्ण पदक हासिल किया। मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस हाई वोल्टेज मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला।
झारखंड के लिए यह जीत ऐतिहासिक रही क्योंकि यह लगातार 5वां मौका है जब टीम ने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए स्वर्ण पदक जीता है और खिताब पर कब्ज़ा किया है। इससे पहले भी वर्ष 2024 में हैदराबाद में आयोजित 14वीं सब जूनियर महिला चैंपियनशिप में भी झारखंड विजेता रहा था।
Rahul Gandhi meeting : झारखंड में कांग्रेस मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे राहुल गांधी
झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे के सभी चार मंत्री और पार्टी के सभी विधायक सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस कोटे के मंत्रियों और विधायकों से विभागों और संगठन में उन्हें दी गई ज़िम्मेदारियों की राहुल गांधी खुद रिपोर्ट लेंगे। राहुल गांधी संगठन के कार्यों, कार्यक्रमों के साथ-साथ झारखंड में कांग्रेस के मंत्रियों को झारखंड सरकार के आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा करेंगे और आवश्यकतानुसार निर्देश देंगे।
Jharkhand News : झारखंड के जोन्हा जलप्रपात में डूबे शिक्षक का मिला शव
झारखंड के जोन्हा जलप्रपात में संगीत शिक्षक के डूबने की खबर थी। इस खबर के 24 दिन बाद डूबे संगीत शिक्षक का शव 24 मिला है। अनगड़ा स्थित जोन्हा जलप्रपात में डूबे डीपीएस रांची के शिक्षक का शव 13 जुलाई को मिला। संगीत शिक्षक माइकल घोष 19 जून को जोन्हा जलप्रपात घूमने गए थे। रविवार सुबह उनका शव जोन्हा जलप्रपात से करीब 4 किमी दूर एक झाड़ी में फंसा हुआ मिला।
अनगढ़ा थाना प्रभारी हीरालाल शाह ने ग्रामीणों और पर्यटन कर्मियों की मदद से शव को कपड़े में बांधकर बाहर निकलवाया। टी-शर्ट के आधार पर शव माइकल घोष का बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
Jharkhand IMD Alert : पूर्वी सिंहभूम में बारिश का अलर्ट, 15 जुलाई को स्कूल बंद
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 15 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम ज़िले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार, 15 जुलाई को जिले की सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। दरअसल, भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 जुलाई को जिले में लगातार भारी बारिश की संभावना है। खास तौर पर पूर्वी सिंहभूम ज़िले के चाकुलिया, घाटशिला, पोटका, बहरागोड़ा, बोड़ाम और पटमदा प्रखंड रेड ज़ोन श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। ऐसे में जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।
यह भी पढ़ें – Rain Alert: झारखंड में भारी बारिश का येलो अलर्ट, अब तक सामान्य से 69% ज्यादा बारिश
Jharkhand News : सावन के पहले सोमवार पर JMM नेता ने किया रुद्राभिषेक
श्रावण मास के पहले सोमवार 14 जुलाई को झामुमो समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों ने विभिन्न मंदिरों में भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक किया। 19 जून से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य में सुधार के बावजूद, वे पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो पाए हैं। ऐसे में उनके पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की गई।
राज्य के विकास के साथ-साथ गुरुजी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, झारखंड लोक सेवा आयोग (UPSC) की सदस्य डॉ. अंजिता भट्टाचार्य ने लालपुर के हरिमती मंदिर स्थित शिवालय में रुद्राभिषेक किया।
Jharkhand News : तरलोक सिंह चौहान झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त
झारखंड समेत कई राज्यों के उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों का तबादला कर दिया गया है। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान को झारखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। जबकि झारखंड उच्च न्यायालय के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव को त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।