अक्षरा सिंह और विक्रांत सिंह (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Rudra Shakti Bhojpuri Movie: भोजपुरी सिनेमा प्रेमियों के लिए इस सावन मास में एक खास तोहफा लेकर आ रही है फिल्म ‘रुद्र-शक्ति’। यह फिल्म 18 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, जिसमें रोमांस, एक्शन और शिवभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलने वाला है। खास बात यह है कि इस फिल्म में पहली बार अक्षरा सिंह और विक्रांत सिंह की जोड़ी एक साथ नजर आएगी, जिसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।
दरअसल, रुद्र-शक्ति को बिभूति एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत किया गया है और इसके निर्माता सीबी सिंह हैं। फिल्म का निर्देशन किया है निशांत एस शेखर ने। ट्रेलर के अनुसार फिल्म की कहानी रुद्र (विक्रांत सिंह) नामक एक शिवभक्त की है जिसे शक्ति (अक्षरा सिंह) से प्रेम हो जाता है। शक्ति को कुछ समाज विरोधी लोग परेशान करते हैं, लेकिन रुद्र शिव की शक्ति लेकर उन सभी को करारा जवाब देता है। यह फिल्म प्रेम, आस्था, बलिदान और संघर्ष की शानदार प्रस्तुति है।
‘रुद्र-शक्ति’ के ट्रेलर को मिला था जबरदस्त रिस्पॉन्स
फिल्म की खासियत इसकी लोकेशन भी है। बनारस के घाट, गलियां और मंदिरों में शूट की गई यह फिल्म दर्शकों को धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल से जोड़ती है। ट्रेलर ने पहले ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है और रिलीज से पहले ही फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
अक्षरा सिंह ने इस फिल्म के अपने किरदार ‘शक्ति’ को बेहद खास बताया है। उन्होंने कहा, “यह किरदार मेरे दिल के करीब है क्योंकि इसमें एक महिला का आत्मसम्मान, आस्था और प्रेम के लिए संघर्ष दिखाया गया है।” उन्होंने इस फिल्म को एक सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश वाली फिल्म बताया जिसे हर परिवार को एक साथ देखना चाहिए।
विक्रांत सिंह ने फिल्म को लेकर की थी बात
वहीं विक्रांत सिंह ने ‘रुद्र’ के किरदार को एक प्रेरणादायक भूमिका बताया। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं है, बल्कि इसमें शिवभक्ति, न्याय और सामाजिक सन्देश का बेहतरीन मेल है।”
सावन के इस पावन अवसर पर ‘रुद्र-शक्ति’ दर्शकों को एक गहराई से जुड़ी कथा और नया अनुभव देने वाली है। यह फिल्म ना केवल मनोरंजन करेगी, बल्कि समाज को एक पॉजिटिव संदेश भी देगी। बता दें, यह फिल्म बिहार,झारखंड, यूपी के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।