तेजस्वी यादव और सीएम नीतीश कुमार, डिजाइन फोटो
Bihar Politics: राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक बार फिर सीएम नीतीश कुमार और एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोल दिया है। इस बार उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में अब ‘जमाई आयोग’ और ‘जीजा आयोग’ बना देना चाहिए, क्योंकि सत्ता पक्ष के नेताओं के रिश्तेदारों को धड़ल्ले से पद बांटे जा रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी बार-बार परिवारवाद के खिलाफ बोलते हैं, लेकिन उन्हें एक बार बिहार आकर देखना चाहिए कि यहां क्या हो रहा है। हमने पहले ‘विशेष प्रबंध आयोग’ की मांग की थी, लेकिन अब तो हालात ऐसे हैं कि ‘जमाई आयोग’ और ‘जीजा आयोग’ भी बना देना चाहिए। अधिकारियों की मदद से नेताओं के रिश्तेदार सिस्टम में एडजस्ट हो रहे हैं और पीएम मोदी इस पर चुप हैं।”
तेजस्वी ने सीएम नीतीश पर लगाया आरोप
तेजस्वी ने सीधे तौर पर नीतीश सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य प्रशासन पूरी तरह से बिखरा हुआ है और मुख्यमंत्री का कंट्रोल अब खुद उनकी पार्टी के नेताओं पर नहीं रहा। तेजस्वी ने आगे कहा, “जो जहां चाह रहा है, अपने लोगों को सेट कर रहा है। बेटी किसी कोटे से, जमाई किसी और कोटे से। सब कुछ सेटिंग और कनेक्शन से हो रहा है। योग्यता का कोई मतलब नहीं रह गया है। इसीलिए हम कह रहे हैं कि अब ‘जीजा आयोग’ की भी जरूरत है।”
जमाई आयोग बनाने के बाद PM और CM को अब “जीजा आयोग” भी बनवा देना चाहिए। केंद्रीय मंत्री के जीजा, बिहार सरकार के मंत्री के जीजा, सांसद के पति इत्यादि अनेक लोग 2,60,000₹ लाख सैलरी प्रति माह पाने के लिए आयोगों में ठूंसे जा रहे है।
मुख्यमंत्री की अचेत अवस्था “भूंजा पार्टी” के लिए… pic.twitter.com/nrFsAmvt3N
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) June 17, 2025
तेजस्वी यादव यहीं नहीं रुके। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाया और कहा, “पीएम जब भी बिहार आते हैं, सिर्फ हमें कोसते हैं। लेकिन अपने गठबंधन में जो चल रहा है, उस पर एक शब्द नहीं बोलते। क्या मुख्यमंत्री हमें बता सकते हैं कि कितने मंत्री आरएसएस कोटे से बने हैं? बिहार में तो चुनाव हारे हुए लोग भी मंत्री बने बैठे हैं। किसी का कार्यकाल खत्म हो गया, फिर भी कुर्सी मिली हुई है। और अब वही लोग हमें भाषण दे रहे हैं।”
तेजस्वी ने पीएम मोदी पर किया कटाक्ष
प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस से मिले नागरिक सम्मान पर भी तेजस्वी ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “वो भारत के प्रधानमंत्री हैं, इसलिए सम्मान मिला होगा। लेकिन क्या कोई ये बताएगा कि देश की असली हालत क्या है? बेरोजगारी चरम पर है, महंगाई लगातार बढ़ रही है, शिक्षा, स्वास्थ्य और नौकरी की हालत खराब है। सरकार सिर्फ मुफ्त राशन बांटकर अपनी पीठ थपथपा रही है। घर, रोजगार, शिक्षा – इन मुद्दों पर कोई बात नहीं होती।”