डीपीएस पटना
DPS Patna: दिल्ली पब्लिक स्कूल, पटना ईस्ट में शुक्रवार, 18 जुलाई 2025 को वार्षिक पद ग्रहण समारोह बड़ी धूमधाम और गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन स्कूल के शैक्षणिक कैलेंडर की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो विद्यार्थियों में नेतृत्व, जिम्मेदारी और अनुशासन के मूल्यों को सुदृढ़ करता है।
समारोह का आयोजन विद्यालय के भव्य ऑडिटोरियम में किया गया, जहाँ शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि के रूप में प्रो वाइस चेयरमैन श्री अमित प्रकाश, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश अल्फ्रेड और डिप्टी हेड मोहम्मद अशफ़ाक़ इक़बाल उपस्थित थे।
DPS Patna के प्रधानाचार्य ने क्या कहा?
प्रधानाचार्य डॉ. अल्फ्रेड ने अपने स्वागत भाषण में छात्रों को नेतृत्व के मूल मंत्र समझाते हुए कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी का नाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, समर्पण और उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शपथ ग्रहण समारोह रहा, जहाँ नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को उनके पद और कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी नेताओं को विशेष बैज और पद-पट्टियाँ प्रदान की गईं। इस वर्ष विद्यालय की हेड गर्ल बनीं कक्षा 10वीं की आयुषी कुमारी, जबकि हेड बॉय का दायित्व संभाला भावेश अंजनी प्रसाद ने। परिषद के सभी सदस्यों ने पूरी निष्ठा, लगन और ईमानदारी से अपने दायित्वों को निभाने की शपथ ली।
मुख्य अतिथि श्री अमित प्रकाश ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा,”सच्चा नेतृत्व वह है जो दूसरों की सेवा करे और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाए।” उन्होंने छात्रों को आत्म-विश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने और अपने भीतर नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़ें: Rishabh Pant: चौथे टेस्ट से पहले ऋषभ पंत की फिटनेस पर सस्पेंस, बल्लेबाजी तय लेकिन कीपिंग को लेकर असमंजस
DPS Patna ईस्ट के हेड बॉय ने धन्यवाद ज्ञापन किया
समारोह के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों में संगीत, नृत्य और समूह प्रदर्शन शामिल थे, जिन्होंने समारोह को और भी विशेष बना दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे हेड बॉय भावेश अंजनी ने प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, अतिथियों, शिक्षकों और सहपाठियों को सफल आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल पटना ईस्ट, छात्र-छात्राओं में नेतृत्व और टीमवर्क की भावना विकसित करने के लिए इस तरह के आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करता है। यह समारोह न सिर्फ जिम्मेदारियों का बोध कराता है, बल्कि भावी पीढ़ी को प्रेरित करता है कि वे आत्मनिर्भर बनें और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाएं।