ईशा सिंह (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Eisha Singh Viral Video: टीवी इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस और ‘बिग बॉस 18’ की कंटेस्टेंट रह चुकीं ईशा सिंह इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक्ट्रेस फूट-फूटकर रोती नजर आ रही हैं और उनकी नाक से खून भी बहता दिख रहा है। वीडियो की हालत देखकर फैंस काफी घबरा गए और चिंता में डूब गए कि आखिर ईशा के साथ ऐसा क्या हुआ?
दरअसल, ईशा सिंह ने यह चौंकाने वाला वीडियो खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में उनकी हालत काफी बुरी नजर आ रही है, वो जोर-जोर से रोती दिखाई दे रही हैं और चेहरे पर खून भी साफ नजर आ रहा है। खास बात यह है कि इस वीडियो के साथ एक्ट्रेस ने कोई कैप्शन नहीं लिखा, जिससे फैंस की चिंता और भी बढ़ गई। सोशल मीडिया पर लोग लगातार कमेंट कर ईशा से उनकी तबीयत के बारे में पूछ रहे थे।
ईशा सिंह ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
हालांकि कुछ ही देर बाद ईशा सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस वीडियो की सच्चाई सामने रखी और सभी फैंस को राहत दी। उन्होंने लिखा, “डियर फैंस, मैं आप सभी को डराना नहीं चाहती थी। ये वीडियो मेरे अपकमिंग म्यूजिक वीडियो का हिस्सा है। आप सभी की चिंता और प्यार के लिए धन्यवाद। मैं बिल्कुल ठीक हूं।”
ईशा की इस सफाई के बाद फैंस ने राहत की सांस ली, लेकिन साथ ही म्यूजिक वीडियो को लेकर भी काफी एक्साइटमेंट जाहिर किया।
एक्ट्रेस का फिल्मी करियर
ईशा सिंह ने अपने करियर की शुरुआत टीवी शो ‘इश्क का रंग सफेद’ से की थी। इसके बाद वह ‘एक थी रानी एक था राजा’, ‘इश्क सुभान अल्लाह’ और ‘सिर्फ तुम’ जैसे शोज़ में नजर आईं और घर-घर में अपनी एक खास पहचान बनाई। हाल ही में वह सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 18’ में नजर आई थीं, जहां उनकी अभिनेता अविनाश मिश्रा से दोस्ती को लेकर काफी चर्चा रही। दोनों को एक साथ एक म्यूजिक वीडियो में भी देखा गया था।
अब ईशा के नए म्यूजिक वीडियो की इस झलक ने फैन्स की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। वीडियो कब रिलीज होगा, इसका इंतजार हर कोई कर रहा है।