रोहित शर्मा (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारतीय टेस्ट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ऐसे वक्त लंदन पहुंचे हैं जब भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है। केनिंग्टन ओवल से रोहित शर्मा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह मैदान के बाहर अपना टिकट चेक करवाते नज़र आ रहे हैं। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रोहित बतौर दर्शक मैच देखने पहुंचे थे, न कि खेलने। उनकी मौजूदगी ने प्रशंसकों को भी चौंका दिया और कई फैंस ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
टेस्ट क्रिकेट से ले चुके हैं संन्यास
गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने इंग्लैंड सीरीज शुरू होने से पहले ही 7 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। उनके इस फैसले ने चयनकर्ताओं के सामने अगली टेस्ट कप्तानी को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया था। इसके बाद बीसीसीआई ने शुभमन गिल को टीम इंडिया का नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया, जो फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। गिल की कप्तानी में भारत ने सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है।
रोहित की मौजूदगी बनी चर्चा का विषय
ओवल टेस्ट के तीसरे दिन तक भारत ने इंग्लैंड पर मजबूत पकड़ बना ली है। टीम इंडिया ने पहली पारी में 224 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 247 रन पर सिमट गई। इसके बाद भारत ने दूसरी पारी में शानदार शुरुआत की और 35 ओवर तक 100 से ज़्यादा रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। भारत के अभी आठ विकेट शेष हैं और मैच पर उसकी पकड़ लगातार मजबूत हो रही है। ऐसे में रोहित शर्मा की उपस्थिति को शुभ संकेत माना जा रहा है।
क्या रोहित की मौजूदगी बनेगी टीम के लिए लकी चार्म?
रोहित शर्मा भले ही मैदान में बल्ला लेकर न उतरे हों, लेकिन उनके मैदान में मौजूद रहने को भारतीय प्रशंसक ‘लकी चार्म’ मान रहे हैं। अगर भारत यह मैच जीत जाता है, तो यह रोहित शर्मा की आखिरी टेस्ट सीरीज की विदाई को और खास बना देगा। फैंस को उम्मीद है कि रोहित के समर्थन से टीम इंडिया ऐतिहासिक जीत के साथ इस सीरीज का समापन करेगी।