यशस्वी जायसवाल (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत के युवा सलामी बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे पांचवें टेस्ट मैच की दूसरी पारी में धमाकेदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दूसरे दिन की समाप्ति से पहले छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि तीसरे दिन मैदान पर उतरते ही उन्होंने संयम और क्लास का प्रदर्शन करते हुए शानदार शतक जड़ा। जब टीम को सबसे ज़्यादा ज़रूरत थी, यशस्वी मोर्चा संभालने आगे आए और इंग्लिश गेंदबाज़ों को जमकर जवाब दिया।
टीम को संकट में निकालकर जड़ा शतक
जायसवाल ने अपनी शतकीय पारी में 127 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और 2 छक्के लगाए। यह शतक इसलिए और खास बन जाता है क्योंकि सीरीज़ के पहले टेस्ट में शतक जड़ने के बाद वह लगातार संघर्ष कर रहे थे। लेकिन सीरीज़ के आखिरी टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने टीम इंडिया के लिए बड़ी पारी खेली और भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
आकाशदीप की भी दमदार बल्लेबाज़ी
भारत की दूसरी पारी में जायसवाल के अलावा एक और बल्लेबाज़ ने प्रभावित किया—तेज़ गेंदबाज़ आकाशदीप। उन्होंने निचले क्रम में आते हुए 94 गेंदों पर 66 रन बनाए और जायसवाल के साथ अहम साझेदारी की। अपनी पारी में उन्होंने 12 चौके लगाए और इंग्लैंड की गेंदबाज़ी को और भी दबाव में ला दिया।
अन्य बल्लेबाज़ों का फ्लॉप शो
दूसरी ओर भारत के टॉप ऑर्डर के अन्य बल्लेबाज़ों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। केएल राहुल सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए, शुभमन गिल और साई सुदर्शन भी क्रमशः 11-11 रन ही बना सके। ऐसे में जायसवाल और आकाशदीप की पारियां टीम इंडिया के लिए संजीवनी साबित हुईं।
सीरीज़ में जायसवाल की शानदार फॉर्म
यशस्वी जायसवाल ने इस टेस्ट सीरीज़ में अब तक कुल 10 पारियाँ खेली हैं, जिनमें उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। उनकी पिछली 9 पारियों का रिकॉर्ड देखें तो उन्होंने क्रमशः 101, 4, 87, 28, 13, 0, 58, 0 और अब 100+ का स्कोर बनाया है। इस प्रदर्शन से साफ है कि जायसवाल भारत की टेस्ट बल्लेबाज़ी में एक नई उम्मीद बनकर उभरे हैं।