चाईबासा के जंगलों में 14 IED बरामद (सौजन्य-एक्स)
22 July Top News of Jharkhand : झारखंड में आज चाईबासा के जंगलों में पुलिस ने 14 आईईडी बरामद किए गए। तो वहीं सरकारी अस्पतालों के लिए खुशखबरी है। यहां पढ़ें दिन भर की सभी बड़ी खबरें।
Jharkhand News : चाईबासा के जंगलों में 2 किलो के 14 IED बरामद
नक्सल गतिविधियों के विरुद्ध झारखंड पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान में, झारखंड विशेष कार्य बल और सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन ने 20 जुलाई को चाईबासा थाना क्षेत्र के जंगलों में 2-2 किलोग्राम के 14 आईईडी, स्थानीय स्तर पर निर्मित हथगोले, अमोनियम नाइट्रेट पाउडर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की। चाईबासा पुलिस ने बताया कि मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार, विस्फोटकों को नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
झारखंड में पहली बार सरकारी अस्पतालों में संविदा आधारित डॉक्टर देंगे सेवाएं
झारखंड में अब डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे सरकारी अस्पतालों के लिए खुशखबरी है। झारखंड के सरकारी अस्पतालों में अब 126 नए स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स अपनी सेवाएं देंगे। हालांकि, इनकी नियुक्ति संविदा आधारित है, जिनका कार्यकाल शुरुआत में एक साल और अधिकतम 3 साल का होगा।
रांची में आज (22 जुलाई) नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इन नवनियुक्त विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर बधाई दी और 126 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है।
Guard of Honour : रांची पहुंचे मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान
झारखंड उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान आज रांची पहुंचे। न्यायमुर्ति चौहान आज सुबह 11:55 बजे इंडिगो की उड़ान से रांची के भगवान बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पहुंचे। हवाई अड्डे पर उच्च न्यायालय के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे होटल रेडिसन ब्लू पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। बता दें, कि वे 23 जुलाई को वे झारखंड उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।
Gumla News : गुमला में 15 अगस्त को होगा ड्राई डे
गुमला में ड्राई डे: 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुमला जिले में ड्राई डे की घोषणा की गई है। जिला प्रशासन ने यह निर्देश दिया है कि इस दिन मछली भी नहीं बेची जाएगी। डीसी और एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस की गरिमा बनाए रखने के लिए उस दिन शराब और मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाना आवश्यक है।
Gumla News : गुमला में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन होगा
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम से जुड़े हर पहलू को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। साथ ही सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन भव्य, अनुशासित और प्रेरणादायक हो। उन्होंने निर्देश दिया कि 15 अगस्त को जिले में ड्राई दिवस घोषित किया जाए और नगर परिषद मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए, ताकि कार्यक्रम की गरिमा बनी रहे।
यह भी पढ़ें – Jharkhand में माइनिंग टूरिज्म की हुई शुरुआत, यहां पढ़ें दिन भर की बड़ी खबरें
Jharkhand News : झारखंड में वज्रपात से 2 महिलाओं की मौत
झारखंड के पलामू जिले में मंगलवार को आकाशीय बिजली ने कहर ढाया। पलामू के पाटन थाना क्षेत्र में बुआई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक पुरुष समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें मेदिनीनगर एमएमसीएच रेफर कर दिया गया।