पवन सिंह सॉन्ग (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Pawan Singh Sawan Song: भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह ने एक बार फिर सावन के पावन मौके पर अपने नए भक्ति गीत से तहलका मचा दिया है। 21 जुलाई को रिलीज हुआ पवन सिंह का नया गाना ‘देवघर के राजा’ यूट्यूब पर धमाल मचा रहा है। गाना सावन स्पेशल है और इसमें शिव भक्ति की झलक देखने को मिल रही है। इस गाने में पवन सिंह और श्वेता महारा की जोड़ी एक बार फिर साथ आई है, लेकिन इस बार वो रोमांस नहीं बल्कि भोलेनाथ की भक्ति करते नजर आ रहे हैं।
रिलीज के कुछ ही घंटों में यह गाना यूट्यूब पर 6 लाख से ज्यादा व्यूज बटोर चुका है और तेजी से 1 मिलियन की ओर बढ़ रहा है। गाने को फैंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और लोग इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर पवन सिंह की तारीफ करते नहीं थक रहे।
महादेव की भक्ति में डूबे पवन सिंह
पवन सिंह ने इस गाने का पोस्टर अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कि “ॐ हर हर महादेव”, जो उनके गहरे भक्ति भाव को दर्शाता है। पोस्टर में पवन सिंह के साथ श्वेता महारा और शिवजी की छवि नजर आ रही है। गाने में पवन सिंह का नया अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है और वो भोलेनाथ की भक्ति में डूबे दिख रहे हैं।
‘देवघर के राजा’ गाने को खुद पवन सिंह और सृष्टि भारती ने आवाज दी है। इस गीत को बिट्टू विद्यार्थी ने लिखा है और इसका संगीत दिया है संग्राम आकाश ने। गाने को डायरेक्ट किया है बिभांशु तिवारी ने, जबकि कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी गोल्डी जायसवाल ने संभाली है। इस भक्ति गीत को अनोज कुमार और सुलभ कुमार ने प्रोड्यूस किया है।
‘हरियर चूड़ियां खातिर’ ने भी मचाया था धमाल
खास बात ये है कि इससे पहले 9 जुलाई को पवन सिंह का एक और सावन स्पेशल गाना ‘हरियर चूड़ियां खातिर’ रिलीज हुआ था, जिसे उन्होंने शिल्पी राज के साथ गाया था। यह गाना भी टी-सीरीज हमार भोजपुरी चैनल पर खूब ट्रेंड कर रहा है।