सैयारा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (फोटो-सोर्स, सोशल मीडिया)
Saiyaara Collection Day 2: बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर मोहित सूरी के निर्देशन में बनी नई रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘सैयारा’ 18 जुलाई को थिएटर में रिलीज हुई है और इस फिल्म ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर ऐसा धमाका किया है जिसकी उम्मीद कम ही लोगों ने की थी।
दरअसल, दो नए चेहरे अहान पांडे और अनीत पड्डा को लॉन्च करने वाली इस फिल्म ने रिलीज के पहले दो ही दिनों में अपनी बजट का बड़ा हिस्सा वसूल कर लिया है। खास बात ये है कि अनन्या पांडे के कजिन अहान ने इस फिल्म से बॉलीवुड में एंट्री मारी है और अब ये फिल्म दर्शकों को इतना भावुक कर दिया है थिएटर में फिल्म देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है।
सैयारा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
आपको बता दें, फिल्म ‘सैयारा’ को महज 60 करोड़ के बजट में बनाया गया है और पहले दिन ही इसने 21.25 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श के अनुसार, कोविड के बाद यह यशराज फिल्म्स की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है ‘पठान’ के बाद। दूसरे दिन का शुरुआती आंकड़ा भी बेहद शानदार रहा। सैक्निल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, रात 10 बजे तक फिल्म 22.58 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी थी, जिससे दो दिनों का कुल आंकड़ा 43.58 करोड़ तक पहुंच गया।
इतनी बड़ी सफलता की तुलना जब दूसरी बड़ी फिल्मों से की गई, तो ‘सैयारा’ और भी खास बन गई। शाहरुख खान की ‘पठान’ ने दो दिन में अपने 240 करोड़ के बजट का 53 प्रतिशत ही रिकवर किया था, वहीं ‘जवान’ और ‘छावा’ जैसी फिल्में भी अपने बजट के 50-60 प्रतिशत तक ही पहुंच पाई थीं। दूसरी तरफ, ‘गदर 2’ ने दो दिनों में अपने 60 करोड़ बजट का 138 प्रतिशत वसूल कर लिया था और अब ‘सैयारा’ उसी लीग में गिनी जा रही है।
अहान पांडे की फिल्म ने इन फिल्मों को पछाड़ा
सिर्फ इतना ही नहीं, सैयारा साल 2025 की टॉप 10 ओपनिंग करने वाली फिल्मों की लिस्ट में चौथे नंबर पर शामिल हो गई है और सितारे जमीन पर, केसरी चैप्टर-2, रेड-2 और भूल चूक माफ जैसी फिल्मों की ओपनिंग कलेक्शन को पछाड़ दिया है।
यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘सैयारा’ ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़े हैं, बल्कि न्यूकमर्स के लिए एक नई मिसाल भी कायम की है। चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे और नई एक्ट्रेस अनीत पड्डा की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया है।